जानिए राजस्थान को क्या मिला इस बार बजट में: 1 लाख युवाओं को 10 लाख तक का कर्ज, ब्याज सरकार देगी
राजस्थान बजट 2026-27 में युवाओं के लिए बड़ा ऐलान किया गया है। मुख्यमंत्री युवा स्वरोजगार योजना के तहत 1 लाख युवाओं को 10 लाख रुपये तक के ऋण पर शत-प्रतिशत ब्याज अनुदान मिलेगा। जानिए इस बार बजट में युवाओं को क्या-क्या खास मिला।
राजस्थान के बजट 2026-27 में युवाओं के लिए बड़ा दांव खेला गया है। उपमुख्यमंत्री एवं वित्त मंत्री दिया कुमारी ने स्वरोजगार को बढ़ावा देने के लिए एक नई योजना की घोषणा की है, जो प्रदेश के लाखों युवाओं के सपनों को नई उड़ान दे सकती है। सरकार का फोकस साफ है—युवा अब सिर्फ नौकरी ढूंढने वाला नहीं, बल्कि रोजगार देने वाला बने।
मुख्यमंत्री युवा स्वरोजगार योजना का ऐलान
बजट भाषण के दौरान दिया कुमारी ने “मुख्यमंत्री युवा स्वरोजगार योजना” शुरू करने की घोषणा की। इस योजना के तहत प्रदेश के 1 लाख युवाओं को अपना व्यवसाय शुरू करने के लिए अधिकतम 10 लाख रुपये तक का ऋण उपलब्ध कराया जाएगा। खास बात यह है कि इस ऋण पर शत-प्रतिशत ब्याज अनुदान सरकार देगी।
सरकार ने इस योजना के लिए 1000 करोड़ रुपये से अधिक का बजट प्रावधान प्रस्तावित किया है। आगामी वर्ष में 30,000 युवाओं को इसका सीधा लाभ मिलने की बात कही गई है।
युवा नौकरी लेने वाला नहीं, देने वाला बने
कौशल विकास और आसान प्रक्रियाओं पर जोर
दिया कुमारी ने कहा कि विकसित राजस्थान के लक्ष्य को हासिल करने में युवाशक्ति की अहम भूमिका है। मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा की सोच है कि प्रदेश का युवा आत्मनिर्भर बने और दूसरों के लिए भी रोजगार के अवसर पैदा करे।
सरकार व्यावसायिक शिक्षा, स्किल डेवलपमेंट, करियर काउंसलिंग और ऋण प्रक्रियाओं के सरलीकरण पर विशेष ध्यान दे रही है। साथ ही न्यून या शून्य ब्याज दर पर ऋण सुविधा उपलब्ध कराने की दिशा में भी कदम उठाए गए हैं।
बजट 2026-27 में युवाओं पर बड़ा फोकस
इस बजट में रोजगार सृजन को प्राथमिकता देते हुए युवाओं को सरकारी और निजी क्षेत्र के लिए तैयार करने की रणनीति भी सामने रखी गई है। स्वरोजगार को बढ़ावा देने वाली यह योजना आने वाले समय में प्रदेश की आर्थिक तस्वीर बदलने का दावा कर रही है।
Saloni Kushwaha 
