जानिए राजस्थान को क्या मिला इस बार बजट में: किसानों को बिना ब्याज कर्ज, 35 लाख लाभार्थी, फ्री इलाज और युवाओं के लिए 10 लाख तक का लोन
राजस्थान बजट 2026 में किसानों को ब्याज मुक्त कर्ज, मुफ्त बीज और तारबंदी सब्सिडी, युवाओं को 10 लाख तक का ब्याज मुक्त ऋण, मेधावी छात्रों को लैपटॉप सहायता और जरूरतमंद परिवारों के लिए मुफ्त इलाज जैसी कई बड़ी घोषणाएं की गई हैं। जानिए इस बार बजट में किसे क्या मिला।
राजस्थान विधानसभा में वित्त वर्ष 2026-27 का बजट पेश करते हुए वित्त मंत्री दीया कुमारी ने विकास, राहत और रोजगार पर केंद्रित कई बड़े ऐलान किए। बजट का फोकस खासतौर पर किसान, युवा, महिला और गरीब वर्ग पर रहा। सरकार ने साफ संकेत दिए हैं कि ‘विकसित राजस्थान’ के लक्ष्य को जमीन पर उतारने के लिए आर्थिक मजबूती और सामाजिक सुरक्षा दोनों पर बराबर काम होगा।
किसानों के लिए बड़ी राहत: बिना ब्याज फसली ऋण और मुफ्त बीज
35 लाख किसानों को 25 हजार करोड़ का ब्याज मुक्त ऋण
सरकार ने अल्पकालीन फसली ऋण योजना के तहत 35 लाख से अधिक किसानों को 25,000 करोड़ रुपये का ब्याज मुक्त कर्ज देने की घोषणा की है। इससे किसानों को खेती के लिए आसान वित्तीय सहायता मिल सकेगी।
बीज वितरण और तारबंदी पर सब्सिडी
2.5 लाख से ज्यादा किसानों को दलहन और तिलहन फसलों के उन्नत बीज मुफ्त दिए जाएंगे, जिस पर 135 करोड़ रुपये खर्च होंगे।
आवारा पशुओं से फसल बचाने के लिए 20,000 किमी तारबंदी का लक्ष्य रखा गया है, जिस पर 228 करोड़ रुपये की सब्सिडी दी जाएगी। अब सामुदायिक तारबंदी के लिए न्यूनतम किसानों की संख्या 10 से घटाकर 7 कर दी गई है।
स्वास्थ्य क्षेत्र में बड़ा ऐलान: दस्तावेज न होने पर भी फ्री इलाज
आयुष्मान और निरोगी योजना का विस्तार
सरकार ने घोषणा की है कि पात्र परिवारों को दस्तावेजों की कमी के बावजूद मुख्यमंत्री आयुष्मान आरोग्य योजना और निरोगी राजस्थान योजना के तहत मुफ्त इलाज मिलेगा। इसके लिए पंचायत स्तर पर विशेष आरोग्य शिविर लगाए जाएंगे, ताकि कोई भी जरूरतमंद इलाज से वंचित न रहे।
युवाओं के लिए सुनहरा मौका: 10 लाख तक ब्याज मुक्त लोन
30,000 युवाओं को मिलेगा सीधा लाभ
मुख्यमंत्री स्वरोजगार योजना के तहत युवाओं को 10 लाख रुपये तक का ब्याज मुक्त ऋण और अनुदान दिया जाएगा। पहले चरण में 30,000 युवाओं को इसका लाभ मिलेगा।
भाषा प्रशिक्षण और डिजिटल सुविधा
1,000 युवाओं को अंग्रेजी, जापानी और कोरियन भाषा का प्रशिक्षण दिया जाएगा। साथ ही 10वीं और 12वीं के मेधावी विद्यार्थियों को लैपटॉप सहायता देने की घोषणा भी की गई है।
Saloni Kushwaha 
