घूमर महोत्सव 2025 का आगाज, पहली बार 7 संभागों में एक साथ मनाया जाएगा उत्सव
राजस्थान की उप-मुख्यमंत्री एवं पर्यटन, कला और संस्कृति मंत्री दिया कुमारी ने गुरुवार को घूमर महोत्सव 2025 का पोस्टर जारी करते हुए एक ऐतिहासिक घोषणा की। उन्होंने बताया कि इस बार घूमर महोत्सव 19 नवंबर को पूरे राजस्थान में एक साथ मनाया जाएगा।
जयपुर। राजस्थान की उप-मुख्यमंत्री एवं पर्यटन, कला और संस्कृति मंत्री दिया कुमारी ने गुरुवार को घूमर महोत्सव 2025 का पोस्टर जारी करते हुए एक ऐतिहासिक घोषणा की। उन्होंने बताया कि इस बार घूमर महोत्सव 19 नवंबर को पूरे राजस्थान में एक साथ मनाया जाएगा। यह पहली बार है जब यह पारंपरिक लोक उत्सव प्रदेश के सभी 7 संभाग मुख्यालयों जयपुर, जोधपुर, बीकानेर, अजमेर, उदयपुर, कोटा और भरतपुर में एक ही समय पर आयोजित होगा।
जयपुर में होगा राज्य स्तरीय 'मुख्य दरबार'
राज्य स्तरीय मुख्य समारोह जयपुर के विद्याधर नगर स्टेडियम के फुटबॉल मैदान में आयोजित किया जाएगा। यहां पर लोकनृत्य, संगीत और पारंपरिक वेशभूषा के साथ राजस्थान की सांस्कृतिक पहचान “घूमर” की अद्भुत झलक देखने को मिलेगी। इस अवसर पर उपमुख्यमंत्री दिया कुमारी ने कहा “घूमर सिर्फ एक नृत्य नहीं, यह राजस्थान की संस्कृति, हमारी लोक परंपराओं और नारी-सशक्तिकरण का प्रतीक है।” उन्होंने बताया कि घूमर महोत्सव का उद्देश्य प्रदेश की लोक कला को नई पीढ़ी तक पहुंचाना और राजस्थान की सांस्कृतिक एकता को और मजबूत करना है।
प्रदेशभर में होगा रंगारंग आयोजन
घूमर महोत्सव के दौरान सभी संभागों में स्थानीय कलाकारों द्वारा लोकनृत्य प्रस्तुत किए जाएंगे। महिला समूह पारंपरिक राजस्थानी वेशभूषा में घूमर की प्रस्तुतियों के जरिए ‘नारी शक्ति’ और ‘राजस्थानी गौरव’ का संदेश देंगी। राज्य सरकार का उद्देश्य इस आयोजन के माध्यम से राजस्थान की लोककला, हस्तशिल्प और पर्यटन को बढ़ावा देना भी है।
मुख्य आकर्षण
- 19 नवंबर को एक साथ 7 संभाग मुख्यालयों पर उत्सव
- जयपुर में राज्य स्तरीय “मुख्य दरबार”
- लोक कलाकारों, महिला समूहों और युवाओं की भागीदारी
- राजस्थान की संस्कृति, संगीत और लोकनृत्य का संगम

