कड़ी सुरक्षा में हुई काउंटिंग, सांवलिया सरकार के चरणों में उमड़ा करोड़ों का चढ़ावा

मंडफिया स्थित श्री सांवलिया सेठ मंदिर में पूर्णिमा पर भंडार खुला, पहले दिन की गिनती में 10.65 करोड़ रुपये का चढ़ावा सामने आया। कड़ी सुरक्षा के बीच प्रक्रिया संपन्न।

कड़ी सुरक्षा में हुई काउंटिंग, सांवलिया सरकार के चरणों में उमड़ा करोड़ों का चढ़ावा

राजस्थान के प्रमुख कृष्णधामों में शुमार श्री सांवलिया सेठ मंदिर में करीब डेढ़ महीने बाद पूर्णिमा पर भंडार खोला गया। चतुर्दशी की सुबह राजभोग आरती के तुरंत बाद दानपात्रों को विधिवत खोला गया और चढ़ावे की गिनती शुरू की गई। पहले ही दिन की काउंटिंग में 10 करोड़ 65 लाख रुपये की राशि सामने आई, जिससे भक्तों की गहरी आस्था एक बार फिर उजागर हुई।


कड़ी सुरक्षा के बीच हुई गिनत


मंदिर भंडार खोलने और राशि की गणना की पूरी प्रक्रिया कड़ी सुरक्षा व्यवस्था में संपन्न हुई। मंदिर मंडल के अध्यक्ष, सीईओ और अन्य अधिकारियों की मौजूदगी में दानपात्र खोले गए।
सबसे पहले नोटों के बंडल निकाले गए, जिनकी गिनती मशीन और हाथ—दोनों माध्यमों से की गई। यह प्रक्रिया देर शाम तक जारी रही।


5 मार्च से शुरू होगा दूसरा चरण


मंदिर प्रशासन के अनुसार काउंटिंग का दूसरा चरण 5 मार्च से शुरू होगा। 3 मार्च को चंद्र ग्रहण और सूतक के प्रभाव के कारण गिनती नहीं की जाएगी। वहीं 4 मार्च को मंदिर में फूलडोल महोत्सव आयोजित होने से उस दिन भी काउंटिंग स्थगित रहेगी।


कौन हैं सांवलिया सेठ?


चित्तौड़गढ़ जिले के मंडफिया में स्थित यह मंदिर करोड़ों श्रद्धालुओं की आस्था का केंद्र है। सांवलिया सेठ को भगवान श्रीकृष्ण का ही स्वरूप माना जाता है। भक्त प्रेम से उन्हें “सांवलिया सरकार” कहकर पुकारते हैं।