जयपुर के श्यामनगर में 10 मंजिला अपार्टमेंट में भीषण आग, 200 लोगों की जान पर बन आई

जयपुर के श्यामनगर स्थित 10 मंजिला अपार्टमेंट में भीषण आग, 200 लोग थे मौजूद। पुलिस और फायर ब्रिगेड के रेस्क्यू से बड़ा हादसा टला, 8 लोगों को क्रेन से बचाया गया।

जयपुर के श्यामनगर में 10 मंजिला अपार्टमेंट में भीषण आग, 200 लोगों की जान पर बन आई

राजधानी जयपुर के पॉश इलाके श्यामनगर में मंगलवार सुबह उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब ‘अलौकिक स्वरूप रेजीडेंसी’ नाम के 10 मंजिला अपार्टमेंट में अचानक आग लग गई। आग छठी मंजिल पर स्थित एक फ्लैट में भड़की और देखते ही देखते विकराल रूप धारण कर लिया। उस समय अपार्टमेंट में करीब 200 लोग मौजूद थे।

सुबह 6:30 बजे मचा हड़कंप

हादसा सुबह करीब 6:30 बजे हुआ। छठी मंजिल पर रहने वाले कमल के फ्लैट से अचानक लपटें उठीं। परिवार के लोग तुरंत बाहर निकल आए, लेकिन कुछ ही मिनटों में पूरी इमारत काले धुएं से भर गई। घबराए लोग अपने-अपने फ्लैट छोड़कर बाहर की ओर भागने लगे।

सूचना मिलते ही श्यामनगर थाना पुलिस और फायर ब्रिगेड की दो गाड़ियां मौके पर पहुंच गईं।

पांचवीं मंजिल तक कांच तोड़कर बनाया रास्ता

रेस्क्यू ऑपरेशन के दौरान धुआं इतना घना था कि सांस लेना मुश्किल हो गया। पुलिस कांस्टेबल अंकित और मुखराम ने जान जोखिम में डालकर पांचवीं मंजिल तक पहुंचकर खिड़कियों के शीशे तोड़े, जिससे धुआं बाहर निकल सके और अंदर फंसे लोगों को ऑक्सीजन मिल सके।

उनकी बहादुरी से कई परिवारों को सुरक्षित बाहर निकाला गया।

छत पर फंसे 8 लोग, क्रेन से बचाई जान

स्थिति तब और गंभीर हो गई जब दो परिवारों के 8 सदस्य, जिनमें एक 80 वर्षीय बुजुर्ग महिला भी शामिल थीं, लिफ्ट से छत पर पहुंच गए। इसी दौरान आग से बिजली की वायरिंग जल गई और लिफ्ट बंद हो गई, जिससे नीचे उतरने का रास्ता बंद हो गया।

पुलिस ने तुरंत हाइड्रोलिक फायर ब्रिगेड क्रेन मंगवाई। बुजुर्ग महिला समेत सभी आठ लोगों को क्रेन की मदद से सुरक्षित नीचे उतारा गया। करीब आधे घंटे की मशक्कत के बाद आग पर काबू पा लिया गया।

लाखों का नुकसान, बड़ा हादसा टला

आग में कमल का फ्लैट पूरी तरह जलकर खाक हो गया। लाखों रुपये के घरेलू सामान के नुकसान का अनुमान है। हालांकि, समय रहते किए गए रेस्क्यू ऑपरेशन की बदौलत किसी भी प्रकार की जनहानि नहीं हुई।