चूरू के बीदासर में होटल में ताबड़तोड़ फायरिंग, मालिक की मौत, तीन गंभीर
चूरू के बीदासर में होटल ‘द रॉयल ट्रीट’ में देर रात फायरिंग, होटल मालिक की मौत और तीन घायल। शराब कारोबार को लेकर रंजिश की आशंका, पुलिस जांच जारी।
चूरू जिले के बीदासर कस्बे में देर रात उस समय सनसनी फैल गई, जब होटल के अंदर बदमाशों ने ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी। इस हमले में होटल मालिक सहित चार लोगों को गोली लगी। होटल मालिक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि तीन अन्य की हालत गंभीर बताई जा रही है। घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल है।
5 मिनट तक चली गोलियां, मौके पर ढेर हुए होटल मालिक
पुलिस अधीक्षक जय यादव के अनुसार, बीदासर स्थित होटल ‘द रॉयल ट्रीट’ में सोमवार देर रात करीब 12:30 बजे तीन बदमाश घुसे और करीब पांच मिनट तक लगातार फायरिंग की।
इस हमले में होटल मालिक मुनीराम मंडा की मौके पर ही मौत हो गई।
तीन घायलों की हालत नाजुक, जयपुर रेफर
फायरिंग में भीखाराम जाट, श्रवण जाट और प्रभुराम प्रजापत (निवासी दडीबा) घायल हुए हैं। घायलों को पहले सुजानगढ़ के राजकीय बगड़िया अस्पताल ले जाया गया, जहां से प्राथमिक उपचार के बाद उनकी गंभीर हालत को देखते हुए जयपुर रेफर कर दिया गया।
सीसीटीवी में कैद हुई वारदात
घटना का सीसीटीवी फुटेज भी सामने आया है। वीडियो में दिख रहा है कि होटल के अंदर लोग मौजूद थे, तभी बाहर से आए बदमाशों ने अचानक गोलियां बरसानी शुरू कर दीं। टेबल के पास खड़े लोगों को निशाना बनाया गया, जिससे अफरा-तफरी मच गई।
शराब कारोबार को लेकर रंजिश की आशंका
प्रारंभिक जांच में शराब के धंधे को लेकर विवाद की बात सामने आ रही है। मृतक मुनीराम मंडा शराब और होटल कारोबार से जुड़े थे।
पुलिस ने होटल परिसर को घेरकर साक्ष्य जुटाए हैं और आरोपियों की तलाश जारी है। सीसीटीवी फुटेज के आधार पर बदमाशों की पहचान करने की कोशिश की जा रही है।
Saloni Kushwaha 
