भोपाल में एम्स और पीपुल्स यूनिवर्सिटी को बम से उड़ाने की धमकी, जांच में नहीं मिला कुछ संदिग्ध
भोपाल में एम्स और पीपुल्स यूनिवर्सिटी को बम से उड़ाने की धमकी वाला ई-मेल, सायनाइड बम की चेतावनी। तलाशी के बाद धमकी फर्जी निकली, साइबर सेल जांच में जुटी।
भोपाल में सोमवार तड़के हड़कंप मच गया, जब एम्स भोपाल और पीपुल्स यूनिवर्सिटी को बम से उड़ाने की धमकी वाला ई-मेल मिला। संदेश में दावा किया गया कि दोनों परिसरों में सायनाइड ज़हर से लैस बम लगाए गए हैं, जो दोपहर 12:15 बजे विस्फोट करेंगे। साथ ही 11 बजे तक डॉक्टरों और छात्रों को बाहर निकालने की चेतावनी दी गई थी।
धमकी भरे ई-मेल में आपत्तिजनक और डर पैदा करने वाली भाषा का इस्तेमाल किया गया, जिससे मामले की गंभीरता और बढ़ गई।
सुरक्षा एजेंसियां अलर्ट, परिसर खाली कराया गया
सूचना मिलते ही पुलिस और सुरक्षा एजेंसियां अलर्ट मोड में आ गईं। एहतियातन यूनिवर्सिटी और अस्पताल परिसर को खाली कराया गया। क्लासरूम, हॉस्टल, पार्किंग और अन्य संवेदनशील स्थानों की गहन तलाशी ली गई।
एम्स परिसर में बागसेवनिया थाना प्रभारी अमित सोनी के नेतृत्व में बम डिस्पोजल स्क्वॉड और डॉग स्क्वॉड ने जांच की। वहीं पीपुल्स यूनिवर्सिटी में निशातपुरा थाना टीम ने पूरे कैंपस को खंगाला।
जांच में धमकी निकली फर्जी
कई घंटे चली सर्चिंग के बाद कहीं भी कोई संदिग्ध वस्तु या विस्फोटक सामग्री नहीं मिली। प्राथमिक जांच में धमकी पूरी तरह फर्जी पाई गई, जिसके बाद प्रशासन और छात्रों ने राहत की सांस ली।
साइबर सेल को सौंपी जांच
पुलिस ने ई-मेल आईडी और आईपी एड्रेस के आधार पर जांच तेज कर दी है। साइबर सेल की टीम मेल भेजने वाले का पता लगाने में जुटी है। अधिकारियों का कहना है कि मामले को गंभीरता से लिया जा रहा है और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
पहले भी मिल चुकी है धमकी
गौरतलब है कि पीपुल्स यूनिवर्सिटी को पिछले पखवाड़े में दूसरी बार इस तरह की धमकी मिली है। 19 फरवरी को भी पीपुल्स मेडिकल कॉलेज को सायनाइड बम ब्लास्ट की धमकी दी गई थी, लेकिन तब भी तलाशी में कुछ नहीं मिला था।
Saloni Kushwaha 
