जयपुर में ‘ऑनर रन’ मैराथन का भव्य आयोजन, मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने किया फ्लैग ऑफ

जयपुर में ‘ऑनर रन’ मैराथन का भव्य आयोजन, मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने किया फ्लैग ऑफ

जयपुर। राजस्थान के मुख्यमंत्री श्री भजनलाल शर्मा ने रविवार को जयपुर के ऐतिहासिक अल्बर्ट हॉल (सेंट्रल म्यूजियम) से थलसेना की दक्षिण पश्चिमी कमान द्वारा आयोजित ‘ऑनर रन’ मैराथन को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। यह मैराथन पूर्व सैनिकों और वीर जवानों के सम्मान में आयोजित की गई थी तथा आगामी सेना दिवस (15 जनवरी) के उपलक्ष्य में चलने वाले कार्यक्रमों की श्रृंखला का हिस्सा थी।

मुख्यमंत्री ने अपने संबोधन में कहा, “हमारे वीर जवान परिवार से दूर रहकर कठिन परिस्थितियों में राष्ट्रसेवा करते हैं। उनके बलिदान के कारण ही हम चैन की नींद सो पाते हैं। पूर्व सैनिक सिर्फ रिटायर्ड व्यक्ति नहीं, बल्कि अनुशासन और अनुभव के जीते-जागते प्रतीक हैं। हर नागरिक का कर्तव्य है कि वह अपने जवानों को उचित सम्मान दे।”

मुख्यमंत्री ने आगे कहा कि ‘ऑनर रन’ के जरिए राजस्थान यह संदेश दे रहा है कि प्रदेश अपने सैनिकों के साथ कंधे से कंधा मिलाकर खड़ा है। उन्होंने युवाओं से आह्वान किया कि वे सैनिकों के त्याग और राष्ट्रप्रेम से प्रेरणा लेकर देश निर्माण में योगदान दें।

मैराथन में दिखा जबरदस्त उत्साह

‘ऑनर रन’ में 5 किमी, 10 किमी और 21 किमी की तीन श्रेणियों में दौड़ आयोजित की गई। हजारों की संख्या में सेना के जवान, पूर्व सैनिक, उनके परिजन और आम नागरिकों ने हिस्सा लिया। देशभक्ति के गीतों और “भारत माता की जय” के नारों से पूरा वातावरण गूंज उठा।

कार्यक्रम में दक्षिण पश्चिमी कमान के जीओसी-इन-सी लेफ्टिनेंट जनरल मनजिंदर सिंह ने मुख्यमंत्री को स्मृति चिन्ह भेंट किया। पूर्व नौसेना अध्यक्ष एडमिरल माधवेन्द्र सिंह, जयपुर जिला कलक्टर डॉ. जितेन्द्र कुमार सोनी सहित बड़ी संख्या में गणमान्य व्यक्ति, सैन्य अधिकारी, पूर्व सैनिक और आमजन उपस्थित रहे।

मुख्यमंत्री ने इस आयोजन को राष्ट्र के प्रति कृतज्ञता और एकजुटता का प्रतीक बताया और थलसेना की दक्षिण पश्चिमी कमान को धन्यवाद दिया।