Lakhisarai Stampede: बिहार के लखीसराय में भगदड़, 7 महिलाओं की मौत; 23 से ज्यादा घायल, 3 की हालत गंभीर

बिहार के लखीसराय में अशोकधाम मंदिर के रास्ते भगदड़ में 7 महिलाओं की मौत और 23 से ज्यादा लोग घायल हुए। CM सम्राट चौधरी ने मृतकों के परिजनों को 4 लाख रुपये मुआवजे का ऐलान किया।

Lakhisarai Stampede: बिहार के लखीसराय में भगदड़, 7 महिलाओं की मौत; 23 से ज्यादा घायल, 3 की हालत गंभीर

Lakhisarai Stampede: बिहार के लखीसराय में सोमवार को बड़ा हादसा हो गया। अशोकधाम स्टेशन से मंदिर की ओर जाने वाले रास्ते में अचानक भगदड़ मचने से 7 महिलाओं की मौत हो गई, जबकि 23 से ज्यादा लोग घायल बताए जा रहे हैं। घायलों में 3 की हालत गंभीर बताई जा रही है। हादसे के बाद मृतकों की संख्या बढ़ने की आशंका जताई जा रही है।

खंभा गिरने के बाद फैली अफवाह

लखीसराय के डीएम शैलेंद्र कुमार के मुताबिक, पुरुषों की लाइन की तरफ एक खंभा गिर गया था। इसके बाद मौके पर यह अफवाह फैल गई कि बिजली का चालू तार लोगों के ऊपर गिर गया है।

हालांकि, प्रशासन के अनुसार वह बिजली का तार नहीं बल्कि केबल वायर था, जिसका इस्तेमाल डिश या इंटरनेट कनेक्शन के लिए किया जाता है। अफवाह के बाद भीड़ में अफरा-तफरी मच गई और पुरुषों की तरफ से भीड़ का दबाव महिलाओं की लाइन की ओर बढ़ गया।

भीड़ के दबाव में गिरीं महिलाएं

भीड़ का दबाव बढ़ने के कारण महिलाओं की लाइन में भगदड़ की स्थिति बन गई। कई महिलाएं एक-दूसरे के ऊपर गिर गईं, जिससे मौके पर चीख-पुकार मच गई।

घटना के बाद पुलिस और प्रशासन की टीम मौके पर पहुंची और राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया गया। घायलों को उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया गया है।

चार मृतकों की हुई पहचान

प्रशासन की ओर से अब तक चार मृतकों की पहचान की गई है। इनमें लखीसराय की मधुबाला देवी, मनमाला देवी और हेमलता देवी तथा मुंगेर की रिंकू देवी शामिल हैं। अन्य मृतकों की पहचान की प्रक्रिया जारी है।

सीएम ने किया 4-4 लाख रुपये मुआवजे का ऐलान

हादसे के बाद मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने मृतकों के परिजनों के लिए आर्थिक सहायता की घोषणा की है। मुख्यमंत्री ने प्रत्येक मृतक के परिवार को 4 लाख रुपये मुआवजा देने का ऐलान किया है।

प्रशासन की टीमें मौके पर राहत और बचाव कार्य में जुटी हैं। हादसे की परिस्थितियों और भगदड़ के कारणों की भी जांच की जा रही है।