टोंक में हुक्का बार पर DST की बड़ी कार्रवाई, 23 युवक पकड़े, नशे का सामान जब्त

राजस्थान के टोंक जिले में युवाओं के बीच फ्लेवर्ड हुक्का नशे का चलन तेजी से बढ़ता जा रहा है। कभी कैफे की आड़ में तो कभी चोरी-छिपे चलाए जा रहे गैर-कानूनी हुक्का बार प्रशासन के लिए चुनौती बनते जा रहे हैं।

टोंक में हुक्का बार पर DST की बड़ी कार्रवाई, 23 युवक पकड़े, नशे का सामान जब्त

टोंक। राजस्थान के टोंक जिले में युवाओं के बीच फ्लेवर्ड हुक्का नशे का चलन तेजी से बढ़ता जा रहा है। कभी कैफे की आड़ में तो कभी चोरी-छिपे चलाए जा रहे गैर-कानूनी हुक्का बार प्रशासन के लिए चुनौती बनते जा रहे हैं। इसी कड़ी में सोमवार देर रात DST टीम ने टोंक शहर के थाना कोतवाली क्षेत्र में बड़ी कार्रवाई को अंजाम दिया।

DST टीम ने कैफे की आड़ में संचालित हुक्का बार पर छापा मारते हुए 23 युवाओं को मौके से पकड़ा। कार्रवाई के दौरान पुलिस ने 15 हुक्के, करीब 20 चिलम, 15 हुक्का पाइप, 17 मोबाइल फोन और हुक्के में इस्तेमाल होने वाले कई नशीले फ्लेवर्ड पदार्थ जब्त किए हैं।

छापे के दौरान चौंकाने वाला नजारा

DST टीम के अनुसार, जैसे ही पुलिस ने हुक्का बार में प्रवेश किया, अंदर का दृश्य देखकर अधिकारी भी हैरान रह गए। बड़ी संख्या में युवा खुलेआम हुक्का पीते हुए नशीला धुआं उड़ाते नजर आए। पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए सभी युवकों को हिरासत में लिया और नशे से जुड़ा सामान जब्त किया।

फिलहाल पुलिस पूरे मामले की गहन जांच कर रही है और यह पता लगाया जा रहा है कि हुक्का बार कब से संचालित हो रहा था और इसके पीछे कौन लोग शामिल हैं। साथ ही नशीले फ्लेवर की सप्लाई चेन को लेकर भी जांच तेज कर दी गई है।