Independence Day 2026: लाल किले से PM मोदी के बड़े ऐलान, 1 करोड़ युवाओं को AI ट्रेनिंग से लेकर फ्री ऑनलाइन कोचिंग तक

Independence Day 2026: लाल किले से PM मोदी ने AI स्किलिंग, मुफ्त ऑनलाइन कोचिंग, 2036 ओलंपिक टैलेंट हंट, ऊर्जा सुरक्षा और सेमीकंडक्टर को लेकर बड़े ऐलान किए।

Independence Day 2026: लाल किले से PM मोदी के बड़े ऐलान, 1 करोड़ युवाओं को AI ट्रेनिंग से लेकर फ्री ऑनलाइन कोचिंग तक

Independence Day 2026: देश आज 80वां स्वतंत्रता दिवस मना रहा है। इस अवसर पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने लाल किले की प्राचीर से राष्ट्र को संबोधित किया। इस दौरान पहली बार लाल किले से 'वंदे मातरम्' का गायन हुआ। अपने संबोधन में पीएम मोदी ने युवाओं, शिक्षा, खेल, ऊर्जा और सेमीकंडक्टर सहित कई अहम मुद्दों पर सरकार की योजनाओं और भविष्य की प्राथमिकताओं का जिक्र किया।

प्रधानमंत्री ने खास तौर पर युवाओं के लिए AI स्किलिंग, प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी के लिए मुफ्त ऑनलाइन कोचिंग और खेलों में नए टैलेंट की खोज से जुड़े कई बड़े ऐलान किए। इसके अलावा उन्होंने देश की ऊर्जा जरूरतों और सेमीकंडक्टर क्षेत्र में आत्मनिर्भरता पर भी जोर दिया।

एक साल में 1 करोड़ युवाओं को AI की ट्रेनिंग

पीएम मोदी ने युवाओं के लिए बड़ा लक्ष्य सामने रखा। उन्होंने कहा कि सरकार अगले एक साल में एक करोड़ युवाओं को आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) से जुड़ी स्किल्स की ट्रेनिंग देने की दिशा में काम करेगी।

प्रधानमंत्री के मुताबिक AI तेजी से दुनिया के काम करने के तरीके को बदल रहा है। ऐसे में भारत के युवाओं को केवल तकनीक का इस्तेमाल करने वाला नहीं, बल्कि इस क्षेत्र में नेतृत्व करने वाला बनाने पर जोर दिया जाएगा।

प्रतियोगी परीक्षाओं के लिए मुफ्त ऑनलाइन कोचिंग

प्रधानमंत्री ने महंगी कोचिंग को मध्यम वर्ग और गरीब परिवारों के लिए बड़ी आर्थिक चुनौती बताया। उन्होंने कहा कि प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी के लिए कोचिंग पर परिवारों को बड़ी रकम खर्च करनी पड़ती है।

सरकार अब युवाओं के लिए विभिन्न प्रतियोगी परीक्षाओं की मुफ्त ऑनलाइन कोचिंग उपलब्ध कराने की दिशा में काम करेगी। इसका उद्देश्य छात्रों पर आर्थिक बोझ कम करना और उन्हें घर से ही गुणवत्तापूर्ण तैयारी का अवसर देना है।

2036 ओलंपिक के लिए शुरू होगा टैलेंट हंट

पीएम मोदी ने भारत के 2036 ओलंपिक की मेजबानी के लक्ष्य का भी जिक्र किया। उन्होंने कहा कि भारत उन खेलों पर विशेष ध्यान देगा, जिनमें देश अभी मजबूत स्थिति में नहीं है या जिनमें भारतीय खिलाड़ी क्वालिफाई नहीं कर पाते।

इसके लिए देशभर में प्रतिभाओं की तलाश की जाएगी। सरकार का लक्ष्य नए खेलों में युवा खिलाड़ियों को तैयार करना और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भारत की मौजूदगी मजबूत करना है।

ऊर्जा सुरक्षा पर पीएम मोदी का फोकस

प्रधानमंत्री ने कहा कि आने वाले समय में AI, चिप और डेटा सेंटर जैसी तकनीकों के विस्तार के लिए भारी मात्रा में बिजली की जरूरत होगी। ऐसे में एनर्जी सिक्योरिटी भारत के लिए बेहद महत्वपूर्ण हो जाती है।

उन्होंने बताया कि देश ऊर्जा सुरक्षा को मजबूत करने के लिए पहले से कई कदम उठा रहा है। भविष्य की तकनीकी और औद्योगिक जरूरतों को देखते हुए ऊर्जा के क्षेत्र में आत्मनिर्भरता पर जोर दिया जाएगा।

सेमीकंडक्टर में आत्मनिर्भर बनने की तैयारी

पीएम मोदी ने अपने संबोधन में सेमीकंडक्टर की बढ़ती अहमियत को भी रेखांकित किया। उन्होंने कहा कि आज इलेक्ट्रॉनिक्स, मेडिकल उपकरणों से लेकर परिवहन और डिजिटल तकनीक तक लगभग हर आधुनिक क्षेत्र में चिप की जरूरत है।

प्रधानमंत्री ने कहा कि भारत को सेमीकंडक्टर क्षेत्र में अपनी क्षमता बढ़ानी होगी, ताकि देश भविष्य की तकनीकी जरूरतों के लिए दूसरे देशों पर निर्भर न रहे। सरकार का फोकस देश में चिप निर्माण और इससे जुड़े पूरे इकोसिस्टम को विकसित करने पर है।

युवाओं और नई तकनीक पर सरकार का जोर

स्वतंत्रता दिवस के संबोधन में प्रधानमंत्री के ऐलान से साफ है कि सरकार आने वाले समय में AI, सेमीकंडक्टर, ऊर्जा और खेल प्रतिभाओं जैसे क्षेत्रों को प्राथमिकता देना चाहती है। मुफ्त ऑनलाइन कोचिंग और AI स्किलिंग जैसे कदमों से युवाओं को शिक्षा और रोजगार के नए अवसरों से जोड़ने पर भी जोर रहेगा।