चित्तौड़गढ़ में हाईवे चेकिंग के दौरान हंगामा, महिला से अभद्रता का आरोप, ASI लाइन हाजिर, वीडियो वायरल

चित्तौड़गढ़ जिले के मंगलवाड़ थाना क्षेत्र में हाईवे पर चेकिंग के दौरान उस वक्त हंगामा हो गया, जब पुलिस ने एक कार को सीट बेल्ट नहीं लगाने पर रोका।

चित्तौड़गढ़ में हाईवे चेकिंग के दौरान हंगामा, महिला से अभद्रता का आरोप, ASI लाइन हाजिर, वीडियो वायरल

चित्तौड़गढ़। चित्तौड़गढ़ जिले के मंगलवाड़ थाना क्षेत्र में हाईवे पर चेकिंग के दौरान उस वक्त हंगामा हो गया, जब पुलिस ने एक कार को सीट बेल्ट नहीं लगाने पर रोका। चालान काटने की बात पर कार में बैठी महिला ने विरोध जताया, जिसके बाद पुलिस और कार सवारों के बीच तीखी बहस हो गई। महिला ने पुलिसकर्मी पर अभद्रता का आरोप लगाया। पूरी घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया है।

महिला बाल-बाल बची

बताया जा रहा है कि कार चालक पाली जिले का निवासी है। बहस के बाद पुलिस कार चालक को वाहन में बैठाकर थाने ले जा रही थी। इसी दौरान महिला ने पुलिस वाहन का गेट पकड़ लिया। पुलिस द्वारा हटाने पर महिला पुलिस गाड़ी के साथ दौड़ी और पहिए के पास गिर गई। गनीमत रही कि वह वाहन के नीचे नहीं आई, वरना बड़ा हादसा हो सकता था।

वीडियो वायरल होते ही कार्रवाई

घटना का वीडियो वायरल होने के बाद जिला पुलिस अधीक्षक ने संज्ञान लेते हुए मंगलवाड़ थाने में तैनात ASI प्रेमचंद को लाइन हाजिर कर दिया।

मंगलवाड़ थानाधिकारी भगवान लाल ने बताया कि एमवी एक्ट के तहत चालान बनाते समय सीट बेल्ट नहीं पहनने पर कार्रवाई की जा रही थी। इसी दौरान कार चालक ने पुलिस से बहसबाजी और गाली-गलौज की। चालक को पुलिस वाहन में बैठाने पर उसकी पत्नी ने विरोध किया।

कार चालक छोड़ा गया

घटना के बाद कार चालक को छोड़ दिया गया। वहीं, बड़ीसादड़ी से कांग्रेस प्रत्याशी रहे बद्री जाट जगपुरा ने आरोप लगाया कि चालान के नाम पर महिलाओं के साथ धक्का-मुक्की गलत है और आम लोगों को बेवजह परेशान किया जा रहा है।