Vivo X500 Series: कैमरे के मामले में होगा बड़ा अपग्रेड, 200MP टेलीफोटो कैमरा से लैस होगा Pro Max
Vivo X500 Pro Max में 200MP Zeiss APO सुपर टेलीफोटो कैमरा और X500 Pro में 64MP टेलीफोटो कैमरा मिलने की पुष्टि हुई है। जानें दोनों फोन के कैमरा फीचर्स और स्पेसिफिकेशन।
Vivo अपनी अपकमिंग X500 सीरीज को लेकर लगातार नए फीचर्स का खुलासा कर रहा है। इस लाइनअप में Vivo X500, X500 Pro और X500 Pro Max शामिल होने की उम्मीद है। कंपनी ने X500 Pro और X500 Pro Max के कैमरा फीचर्स को टीज किया है, जिससे पता चलता है कि इस बार फोटोग्राफी पर खास फोकस किया गया है।
X500 Pro Max में मिलेगा 200MP कैमरा
Vivo X500 Pro Max में 200 मेगापिक्सल Zeiss APO सुपर टेलीफोटो कैमरा मिलने की पुष्टि की गई है। इसमें 1/1.4-इंच सेंसर और Samsung HP0 सेंसर का इस्तेमाल किया जा सकता है। फोन में 4x इन-सेंसर जूम और 400mm टेलीफोटो एक्सटेंडर का सपोर्ट भी मिलेगा।
इसके अलावा Pro Max मॉडल में CIPA 7.0 रेटेड स्टेबलाइजेशन दिया जाएगा, जिससे दूर के सब्जेक्ट की तस्वीरें लेते समय कैमरा शेक कम करने में मदद मिलेगी।
X500 Pro में 64MP टेलीफोटो कैमरा
वहीं Vivo X500 Pro में 64MP Zeiss APO सुपर टेलीफोटो कैमरा मिलेगा, जिसकी फोकल लेंथ 85mm होगी। इसमें Sony LYTIA 610 सेंसर का इस्तेमाल किया जाएगा। कंपनी के अनुसार, यह कैमरा बेहतर डिटेल के साथ फोटो क्लिक करने और बाद में तस्वीर को क्रॉप करने के लिए ज्यादा विकल्प देगा।
X500 Pro में भी CIPA 7.0 स्टेबलाइजेशन के साथ बेहतर ऑटोफोकस और सब्जेक्ट ट्रैकिंग फीचर मिलेंगे। वीडियो के लिए फोन में 4K 120fps स्लो-मोशन और 4K 60fps HDR रिकॉर्डिंग का सपोर्ट मिलने की बात कही गई है।
Vivo ने अभी पूरी स्पेसिफिकेशन और कीमत का खुलासा नहीं किया है। X500 सीरीज का चीन में लॉन्च अगले महीने होने की उम्मीद है, जहां इसके बाकी फीचर्स की जानकारी सामने आ सकती है।

