बिहार में महिलाओं के लिए बड़ा ऐलान, अंतरजातीय विवाह पर मिलेंगे ढाई लाख रुपये
बिहार CM सम्राट चौधरी ने महिलाओं के लिए कई बड़े ऐलान किए। SC/ST महिलाओं के अंतरजातीय विवाह पर ₹2.50 लाख तक सहायता, एनीमिया जांच और छात्राओं को प्रतियोगी परीक्षा प्रोत्साहन मिलेगा।
बिहार के मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने महिलाओं, खासकर अनुसूचित जाति और जनजाति वर्ग की महिलाओं के लिए कई बड़े ऐलान किए हैं। उन्होंने कहा कि SC/ST वर्ग की जो महिलाएं अंतरजातीय विवाह करेंगी, उन्हें बिहार सरकार की ओर से 1.25 लाख रुपये की सहायता राशि दी जाएगी। वहीं केंद्र सरकार से भी 1.25 लाख रुपये मिलने की बात कही गई है। इस तरह पात्र महिलाओं को कुल 2.50 लाख रुपये की आर्थिक सहायता मिल सकती है।
25 अगस्त से शुरू हुआ 'अनीमिया मुक्त बिहार' अभियान
महिलाओं और बच्चों के स्वास्थ्य को बेहतर बनाने के लिए सरकार ने 'अनीमिया मुक्त बिहार' अभियान की शुरुआत की है। यह अभियान 25 अगस्त से 30 नवंबर 2026 तक चलेगा। इसके तहत बच्चों, महिलाओं और खासकर गर्भवती महिलाओं की एनीमिया की जांच कर जरूरत के अनुसार इलाज किया जाएगा। सरकार का लक्ष्य करीब 1 करोड़ 20 लाख 82 हजार 500 महिलाओं तक पहुंचना है।
प्रतियोगी परीक्षाओं में भी छात्राओं को प्रोत्साहन
मुख्यमंत्री ने यह भी बताया कि प्रमुख प्रतियोगी परीक्षाओं की प्रारंभिक परीक्षा पास करने वाली छात्राओं को 30 हजार से 1 लाख रुपये तक की प्रोत्साहन राशि दी जाएगी। इसके अलावा पंचायत और नगर निकाय चुनावों में महिलाओं को 50 प्रतिशत आरक्षण का प्रावधान है।

