खाटूश्यामजी में दो दिवसीय मासिक मेले की तैयारियां पूरी, 29 दिसंबर से 2 जनवरी तक रहेगा अलर्ट

सीकर जिले के प्रसिद्ध तीर्थस्थल खाटूश्यामजी में बाबा श्याम के दो दिवसीय मासिक मेले की तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। एकादशी, द्वादशी और नए साल के अवसर पर लगने वाला यह मेला 29 दिसंबर से 2 जनवरी तक चलेगा।

खाटूश्यामजी में दो दिवसीय मासिक मेले की तैयारियां पूरी, 29 दिसंबर से 2 जनवरी तक रहेगा अलर्ट

सीकर। सीकर जिले के प्रसिद्ध तीर्थस्थल खाटूश्यामजी में बाबा श्याम के दो दिवसीय मासिक मेले की तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। एकादशी, द्वादशी और नए साल के अवसर पर लगने वाला यह मेला 29 दिसंबर से 2 जनवरी तक चलेगा। संभावित भारी भीड़ को देखते हुए पुलिस और प्रशासन पूरी तरह अलर्ट मोड पर है।

बस ऑपरेटरों के साथ हुई अहम बैठक

मेले के दौरान यातायात व्यवस्था को सुचारू बनाए रखने के लिए सोमवार को पुलिस थाना परिसर में बस ऑपरेटरों की बैठक आयोजित की गई। बैठक में DySP राव आनंद कुमार और RTO राजीव ने सीकर, जयपुर, सालासर, दांता और रेनवाल रूट पर चलने वाली बसों के संचालकों को तय रूट चार्ट, ट्रैफिक प्लान और पार्किंग नियमों की जानकारी दी।

अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि मेले के दौरान निर्धारित रूट और ट्रैफिक आदेशों का सख्ती से पालन करना होगा।

अलग-अलग रूट, नियम तोड़ने पर सख्त कार्रवाई

DySP राव आनंद कुमार ने बताया कि जयपुर, सीकर, दांता और रेनवाल से आने वाली बसों के लिए अलग-अलग रूट तय किए गए हैं, ताकि मेला अवधि में ट्रैफिक जाम की स्थिति न बने। नियमों का उल्लंघन करने वाले बस ऑपरेटरों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।

बैठक में थानाधिकारी पवन चौबे, नगर निगम EO ओमप्रकाश और TI कृतिका सोनी भी मौजूद रहे।

प्रशासन पूरी तरह सतर्क

प्रशासन के अनुसार 30 और 31 दिसंबर को एकादशी-द्वादशी और 1 जनवरी को नए साल के मौके पर श्रद्धालुओं की संख्या में भारी बढ़ोतरी की संभावना है। इसे देखते हुए सुरक्षा, यातायात और भीड़ नियंत्रण के पुख्ता इंतजाम किए गए हैं।