जैसलमेर में ACB की बड़ी कार्रवाई, RIICO का अनुभाग अधिकारी 30 हजार की रिश्वत लेते रंगे हाथों गिरफ्तार

राजस्थान भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो (ACB) ने जैसलमेर में बड़ी कार्रवाई करते हुए रीको (RIICO) कार्यालय जैसलमेर के अनुभाग अधिकारी को 30 हजार रुपये की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथों गिरफ्तार किया है।

जैसलमेर में ACB की बड़ी कार्रवाई, RIICO का अनुभाग अधिकारी 30 हजार की रिश्वत लेते रंगे हाथों गिरफ्तार

जैसलमेर। राजस्थान भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो (ACB) ने जैसलमेर में बड़ी कार्रवाई करते हुए रीको (RIICO) कार्यालय जैसलमेर के अनुभाग अधिकारी को 30 हजार रुपये की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथों गिरफ्तार किया है। यह कार्रवाई एसीबी मुख्यालय के निर्देश पर एसीबी चौकी जोधपुर शहर द्वारा की गई।

गिरफ्तार आरोपी की पहचान भवानी शंकर स्वामी, अनुभाग अधिकारी, कार्यालय वरिष्ठ क्षेत्रीय प्रबंधक रीको जैसलमेर के रूप में हुई है।

प्लॉट बहाल होने के बाद भी मांगी रिश्वत

एसीबी महानिदेशक पुलिस गोविंद गुप्ता ने बताया कि जोधपुर शहर इकाई को एक शिकायत मिली थी। शिकायत के अनुसार परिवादी की भाभी के नाम किशनघाट औद्योगिक क्षेत्र में आवंटित प्लॉट को वर्ष 2024 में निरस्त कर दिया गया था। बाद में अपील करने पर रीको जैसलमेर ने प्लॉट को पुनः बहाल कर दिया।

इसके बावजूद आरोपी अनुभाग अधिकारी द्वारा

प्लॉट पर कार्य चालू कराने

पत्रावली के कागजात ऑनलाइन करने

के एवज में 30 हजार रुपये रिश्वत की मांग की जा रही थी और परिवादी को लगातार परेशान किया जा रहा था।

ट्रैप लगाकर पकड़ा गया आरोपी

शिकायत का सत्यापन होने के बाद उप महानिरीक्षक पुलिस एसीबी जोधपुर भुवन भूषण यादव के सुपरविजन में, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक ओमप्रकाश चौधरी के नेतृत्व में ट्रैप कार्रवाई की गई।

कार्रवाई के दौरान उप अधीक्षक पुलिस किशन सिंह चारण मय जाब्ता ने आरोपी को रिश्वत की राशि लेते हुए रंगे हाथों गिरफ्तार कर लिया।

पूछताछ और जांच जारी

एसीबी राजस्थान की अतिरिक्त महानिदेशक पुलिस स्मिता श्रीवास्तव के सुपरविजन में आरोपी से पूछताछ जारी है। मामले में भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत प्रकरण दर्ज कर आगे का अनुसंधान किया जाएगा।