अलवर में जल संरक्षण मिशन तेज, मंत्री का निरीक्षण

मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा के नेतृत्व में अलवर जिले में जल संरक्षण को लेकर अभियान लगातार गति पकड़ रहा है और पारंपरिक जल स्रोतों के पुनर्जीवन के साथ नए निर्माण कार्यों पर भी विशेष जोर दिया जा रहा है। इसी क्रम में वन एवं पर्यावरण मंत्री संजय शर्मा ने माचिया कुंड, जरख वाला एनीकट और प्रताप बंध जोहड़ी में चल रहे निर्माण कार्यों का मौके पर पहुंचकर विस्तृत निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने संबंधित अधिकारियों से कार्य की प्रगति की जानकारी ली और स्पष्ट निर्देश दिए कि निर्माण कार्य गुणवत्ता के साथ तय समय सीमा में पूर्ण किए जाएं, किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। मंत्री ने कहा कि इन जल संरचनाओं के विकसित होने से क्षेत्र में भूजल स्तर में सुधार होगा, बारिश के पानी का बेहतर संचयन हो सकेगा और ग्रामीण इलाकों में पेयजल व सिंचाई की समस्या को काफी हद तक दूर किया जा सकेगा। उन्होंने यह भी कहा कि राज्य सरकार जल संरक्षण को सर्वोच्च प्राथमिकता दे रही है और अलवर जैसे जल संकट से प्रभावित क्षेत्रों में विशेष योजनाओं के माध्यम से स्थायी समाधान सुनिश्चित करने की दिशा में काम किया जा रहा है, जिससे आने वाले समय में किसानों और आमजन को सीधा लाभ मिलेगा।