राजस्थान जीवन मिशन टेंडर घोटाले में CM भजनलाल की सख्ती, 6 वरिष्ठ अफसरों पर ACB-ED जांच को हरी झंडी

राजस्थान में जल जीवन मिशन के टेंडरों में बड़े पैमाने पर हुए कथित फर्जीवाड़े पर मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने कड़ा रुख अपनाया है।

राजस्थान जीवन मिशन टेंडर घोटाले में CM भजनलाल की सख्ती, 6 वरिष्ठ अफसरों पर ACB-ED जांच को हरी झंडी

जयपुर। राजस्थान में जल जीवन मिशन के टेंडरों में बड़े पैमाने पर हुए कथित फर्जीवाड़े पर मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने कड़ा रुख अपनाया है। सीएम ने तत्कालीन अतिरिक्त मुख्य सचिव सहित 6 वरिष्ठ अधिकारियों के खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण (संशोधन) अधिनियम की धारा 17-A के तहत विस्तृत जांच और अनुसंधान की अनुमति दे दी है। यह कार्रवाई भ्रष्टाचार निवारण ब्यूरो (ACB) और प्रवर्तन निदेशालय (ED) की चल रही जांच के बीच की गई है।

आरोप है कि JJM के टेंडरों की टेक्निकल एवं फाइनेंशियल मूल्यांकन समितियों में मिलीभगत कर फर्जीवाड़ा किया गया। इसमें चीफ इंजीनियर, एक्जीक्यूटिव इंजीनियर, सुपरिंटेंडिंग इंजीनियर, टेक्निकल मेंबर और सेक्रेटरी स्तर के अधिकारी शामिल बताए जा रहे हैं।

मुख्यमंत्री ने स्पष्ट निर्देश दिए हैं कि जल जीवन मिशन जैसी जनकल्याणकारी योजनाओं में भ्रष्टाचार करने वालों को किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा।

एक IAS अधिकारी पर भी नई जांच

सरकार ने एक अन्य IAS अधिकारी के खिलाफ अखिल भारतीय सेवा (अनुशासन एवं अपील) नियम-1969 के नियम-8 के तहत नई विभागीय जांच शुरू करने की मंजूरी दी है।

पुरानी सजा बरकरार, रिव्यू याचिका खारिज

राजस्थान सिविल सेवा (CCA) नियमों के तहत 5 अधिकारियों की रिव्यू पिटीशन खारिज कर दी गई है। साथ ही दो सेवानिवृत्त अधिकारियों के खिलाफ पहले से चल रही जांच के निष्कर्षों को मंजूरी देकर दंडात्मक कार्रवाई का रास्ता साफ कर दिया गया है।

मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा का कहना है कि उनकी सरकार भ्रष्टाचार के प्रति जीरो टॉलरेंस की नीति पर चल रही है और जनता का एक-एक पैसा सही जगह लगे, इसकी पूरी गारंटी ली जाएगी।