जयपुर नगर निगम चुनाव: कांग्रेस ने टिकट को लेकर साफ किया रुख, वार्ड बदलकर चुनाव नहीं लड़ सकेंगे दावेदार

जयपुर नगर निगम चुनाव से पहले कांग्रेस ने टिकट वितरण को लेकर रणनीति स्पष्ट की है। जानें वार्ड बदलने पर रोक, Gen Z, महिलाओं और OBC को प्रतिनिधित्व और बागियों पर पार्टी के सख्त रुख की पूरी जानकारी।

जयपुर नगर निगम चुनाव: कांग्रेस ने टिकट को लेकर साफ किया रुख, वार्ड बदलकर चुनाव नहीं लड़ सकेंगे दावेदार

जयपुर नगर निगम चुनाव को लेकर कांग्रेस ने प्रत्याशियों के चयन की प्रक्रिया तेज कर दी है। पार्टी ने स्पष्ट किया है कि मौजूदा पार्षदों समेत किसी भी दावेदार को अपना वार्ड बदलकर चुनाव लड़ने की अनुमति नहीं दी जाएगी। कांग्रेस नेता प्रताप सिंह खाचरियावास ने कहा कि जिस वार्ड में कार्यकर्ता का घर है, टिकट के लिए उसकी दावेदारी भी उसी वार्ड से होगी।

खाचरियावास ने कहा कि अगर आरक्षण में बदलाव के कारण किसी मौजूदा पार्षद का वार्ड चुनाव लड़ने के लिए उपयुक्त नहीं रहता और वह दूसरे वार्ड से टिकट मांगता है, तो पार्टी इसे उचित नहीं मानेगी।

Gen Z और महिलाओं को भी मिलेगा मौका

कांग्रेस ने इस बार टिकट वितरण में Gen Z, महिलाओं और OBC वर्ग को भी प्रतिनिधित्व देने की बात कही है। हालांकि, एक ही वार्ड से कई दावेदार होने पर पार्टी मजबूत और सक्रिय कार्यकर्ता को प्राथमिकता देगी।

बगावत करने वालों को टिकट नहीं

लोकसभा चुनाव के दौरान पार्टी के खिलाफ बगावत या गद्दारी करने वाले कार्यकर्ताओं को लेकर भी कांग्रेस ने सख्त रुख अपनाया है। खाचरियावास ने कहा कि ऐसे लोगों को टिकट देने पर विचार नहीं किया जाएगा। उन्होंने कहा कि पहले ऐसे कार्यकर्ताओं को पार्टी के लिए काम करके अपना भरोसा हासिल करना होगा।

जल्द जारी हो सकती है प्रत्याशियों की सूची

कांग्रेस के भीतर टिकट को लेकर लगातार मंथन चल रहा है। पार्टी जल्द ही प्रत्याशियों के नाम फाइनल करने की तैयारी में है। खाचरियावास ने दावा किया कि जयपुर में कांग्रेस के पक्ष में माहौल मजबूत है और आगामी नगर निगम चुनाव में पार्टी को जनता का समर्थन मिलने की उम्मीद है।