पाकिस्तान बॉर्डर के करीब अमेरिकी F-35 की एंट्री, जोधपुर में होगा बड़ा सैन्य अभ्यास
जोधपुर में सितंबर 2026 में Tarang Shakti 2026 सैन्य अभ्यास होगा। इसमें अमेरिकी F-35 स्टील्थ फाइटर जेट के शामिल होने की संभावना है। जानें अभ्यास से जुड़ी पूरी जानकारी।
राजस्थान का जोधपुर सितंबर में बड़े अंतरराष्ट्रीय सैन्य अभ्यास का केंद्र बनने जा रहा है। Tarang Shakti 2026 में अमेरिका का अत्याधुनिक पांचवीं पीढ़ी का F-35 स्टील्थ फाइटर जेट शामिल हो सकता है। यह अभ्यास 26 सितंबर से 12 अक्टूबर 2026 तक जोधपुर एयरबेस पर आयोजित होगा।
F-35 की खासियत इसकी स्टील्थ तकनीक, एडवांस सेंसर और नेटवर्क-केंद्रित युद्ध क्षमता है। अगर इसकी भागीदारी होती है, तो यह भारतीय वायुसेना के साथ किसी वास्तविक सैन्य अभ्यास में F-35 की पहली भागीदारी होगी।
30 से ज्यादा देशों की नजर
तरंग शक्ति में अमेरिका के अलावा ऑस्ट्रेलिया, फ्रांस, जर्मनी, ग्रीस, UAE, श्रीलंका और बांग्लादेश समेत कई देशों की भागीदारी होगी। 30 से ज्यादा देशों के प्रतिनिधि/पर्यवेक्षक भी अभ्यास से जुड़ सकते हैं।
इस अभ्यास का उद्देश्य अलग-अलग देशों की वायुसेनाओं के बीच संयुक्त ऑपरेशन, मिशन प्लानिंग और इंटरऑपरेबिलिटी को मजबूत करना है।
सितंबर में राजस्थान में कई बड़े अभ्यास
तरंग शक्ति से पहले 9 से 22 सितंबर तक जोधपुर में भारत-जापान का वीर गार्जियन 2026 अभ्यास प्रस्तावित है। इसके अलावा राजस्थान के बीकानेर स्थित महाजन फील्ड फायरिंग रेंज में भारत और अमेरिका की सेनाएं युद्ध अभ्यास 2026 में हिस्सा लेंगी।
इस तरह सितंबर में पश्चिमी राजस्थान में जमीन और आसमान दोनों जगह बड़े स्तर पर सैन्य गतिविधियां देखने को मिलेंगी।

