राजसमंद में तलवार लहराकर ग्रामीणों को धमकाने वाला आरोपी गिरफ्तार
राजसमंद। देवगढ़ थाना क्षेत्र के विजयपुर ग्राम पंचायत में चारागाह भूमि पर अवैध कब्जा कर ग्रामीणों को तलवार से धमकाने वाले आरोपी को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से एक धारदार हथियार भी बरामद किया है।
देवगढ़ पुलिस के अनुसार, आरोपी चैन सिंह गांव में नंगी तलवार लहराते हुए ग्रामीणों और राहगीरों को डरा-धमका रहा था। स्थानीय लोगों ने इसकी सूचना पुलिस को दी। सूचना मिलते ही कामलीघाट चौकी के हेड कांस्टेबल गुलजार सिंह मय जाब्ता मौके पर पहुंचे। टीम ने नारायणजी का बीड़ा स्थित कोयले की फैक्ट्री के पास से आरोपी को दबोच लिया।
थानाधिकारी संगीता बंजारा के नेतृत्व में बनी विशेष टीम ने आरोपी को मौके पर ही डिटेन किया और तलवार को जब्त कर लिया। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ आर्म्स एक्ट की धारा 4/25 के तहत मामला दर्ज कर कार्रवाई की। आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक अभिरक्षा में भेज दिया गया।
पुलिस का कहना है कि इस तरह की अवैध कब्जे और भय फैलाने की गतिविधियों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी ताकि क्षेत्र में शांति बनी रहे।

