पचपदरा रिफाइनरी...नमक की खान से 'महाशक्ति' तक का सफर

बालोतरा जिले के पचपदरा में स्थापित देश की सबसे आधुनिक रिफाइनरी का 4 जुलाई 2026 को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी उद्घाटन करेंगे। करीब 13 साल के इंतजार के बाद शुरू हो रही यह परियोजना HPCL और राजस्थान सरकार का संयुक्त उपक्रम है। कभी नमक की खदानों के लिए प्रसिद्ध रहा पचपदरा अब औद्योगिक विकास का नया केंद्र बनने जा रहा है।

पचपदरा रिफाइनरी...नमक की खान से 'महाशक्ति' तक का सफर

रेगिस्तान की जिस धरती पर कभी सिर्फ नमक की खानें थीं... आज वहीं खड़ी है भारत की सबसे आधुनिक रिफाइनरी। और 4 जुलाई को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी राजस्थान के बालोतरा जिले के पचपदरा पहुंचकर इस ऐतिहासिक परियोजना का उद्घाटन करने जा रहे हैं।  लेकिन आखिर इस रिफाइनरी में ऐसा क्या खास है? इसकी शुरुआत कब हुई? पहला शिलान्यास किसने किया? बीच में क्या-क्या चुनौतियां आईं? इससे राजस्थान और देश को क्या फायदा होगा? यहां क्या-क्या बनेगा? और क्या यह भारत को ऊर्जा के क्षेत्र में और मजबूत बनाएगी? 
पूरा वीडियो देखिए...


आपको पचपदरा रिफाइनरी की पूरी कहानी बताते हैं... इससे मिलने वाले रोजगार, यहां बनने वाले उत्पाद, भारत की ऊर्जा सुरक्षा में इसकी भूमिका और पर्यावरण को होने वाले फायदों के विषय में.. आज जिस पचपदरा की पहचान देश की सबसे आधुनिक रिफाइनरी से होने जा रही है, वहां कभी 600 साल पुरानी नमक की खदानें हुआ करती थीं। लेकिन अब यही इलाका राजस्थान के औद्योगिक विकास की नई पहचान बनने जा रहा है। इस परियोजना का पहला शिलान्यास 22 सितंबर 2013 को तत्कालीन यूपीए अध्यक्ष सोनिया गांधी ने किया था। हालांकि कई कारणों से काम की रफ्तार धीमी पड़ गई। फिर 16 जनवरी 2018 को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने यहां आकर परियोजना का दोबारा शुभारंभ किया, जिसके बाद निर्माण कार्य में तेजी आई। हालांकि अप्रैल 2026 में एक यूनिट में आग लगने से उद्घाटन टालना पड़ा, लेकिन अब सभी परीक्षण पूरे होने के बाद 4 जुलाई 2026 को इसका उद्घाटन होने जा रहा है। शुरुआत में इसकी लागत करीब 37 हजार करोड़ रुपये थी, जो बढ़कर लगभग 79 हजार 459 करोड़ रुपये हो गई। यह HPCL और राजस्थान सरकार का संयुक्त उपक्रम है, जिसमें 74 प्रतिशत हिस्सेदारी HPCL और 26 प्रतिशत राजस्थान सरकार की है।



यानी करीब 13 साल के लंबे इंतजार के बाद पचपदरा रिफाइनरी देश को समर्पित होने जा रही है।
लेकिन इस रिफाइनरी से जुड़े कई सवाल लोगों के मन में हैं... और सबसे बड़ा सवाल यह है कि...

1. राजस्थान को इससे कितना फायदा होगा?*
सबसे बड़ा फायदा होगा रोजगार का

रिफाइनरी शुरू होने के बाद हजारों इंजीनियर, तकनीकी कर्मचारी और विशेषज्ञों को सीधे नौकरी मिलेगी। वहीं सुरक्षा, ट्रांसपोर्ट, होटल, कैटरिंग और दूसरे कामों में भी बड़ी संख्या में लोगों को रोजगार मिलेगा। सिर्फ नौकरी ही नहीं, बल्कि आसपास के इलाकों की तस्वीर भी बदल रही है। नई फैक्ट्रियां लग रही हैं, सड़कें बेहतर हो रही हैं, टाउनशिप बन रही हैं, होटल और बाजार तेजी से विकसित हो रहे हैं। बालोतरा और पचपदरा में जमीनों की कीमतें भी तेजी से बढ़ी हैं। यानी यह रिफाइनरी सिर्फ तेल नहीं बनाएगी...बल्कि पूरे पश्चिमी राजस्थान की अर्थव्यवस्था को नई रफ्तार देगी।



2. अगला सवाल है की यहां क्या-क्या बनेगा?

तो आपको बता दें कि यह सिर्फ पेट्रोल और डीजल बनाने वाली रिफाइनरी नहीं है, बल्कि एक बड़ा पेट्रोकेमिकल कॉम्प्लेक्स भी है।
यहां पॉलीप्रोपाइलीन, HDPE, LLDPE, ब्यूटाडाईन, बेंजीन और टोलूइन जैसे कई महत्वपूर्ण पेट्रोकेमिकल उत्पाद बनेंगे, जिनका इस्तेमाल प्लास्टिक, पैकेजिंग, ऑटोमोबाइल, दवा, टेक्सटाइल और पेंट उद्योगों में होता है।
इसके अलावा यहां से हर साल बड़ी मात्रा में BS-6 मानक वाला पेट्रोल, डीजल और एलपीजी भी तैयार होगी। यानी राजस्थान से निकलने वाला कच्चा तेल अब यहीं प्रोसेस होकर देश के उद्योगों और आम लोगों तक पहुंचेगा।


3. भारत को इससे क्या फायदा होगा?

भारत अपनी जरूरत का बड़ा हिस्सा आज भी विदेशों से कच्चा तेल और कई पेट्रोकेमिकल उत्पाद खरीदता है। पचपदरा रिफाइनरी शुरू होने के बाद राजस्थान के मंगला ऑयल फील्ड से निकलने वाले कच्चे तेल को यहीं रिफाइन किया जाएगा। इससे दूसरे राज्यों तक तेल भेजने की जरूरत कम होगी। साथ ही पॉलीथीन, पॉलीप्रोपाइलीन जैसे कई उत्पाद अब देश में ही बनेंगे, जिससे आयात कम होगा और विदेशी मुद्रा की भी बड़ी बचत होगी। यानी यह परियोजना आत्मनिर्भर भारत के लक्ष्य को मजबूत करने के साथ-साथ देश की ऊर्जा सुरक्षा को भी नई ताकत देगी।


4. पर्यावरण के लिए यह रिफाइनरी क्यों खास है?

अब सबसे बड़ा सवाल... इतनी बड़ी रिफाइनरी पर्यावरण के लिए कितनी सुरक्षित है?
दरअसल, पचपदरा रिफाइनरी को आधुनिक और पर्यावरण अनुकूल तकनीक के साथ तैयार किया गया है। यहां बनने वाला पेट्रोल और डीजल पूरी तरह BS-6 मानकों के अनुसार होगा। इसमें सल्फर की मात्रा बेहद कम होगी, जिससे वाहनों से होने वाला प्रदूषण काफी घटेगा और हवा पहले के मुकाबले ज्यादा स्वच्छ रहेगी। रिफाइनरी में जीरो लिक्विड डिस्चार्ज तकनीक अपनाई गई है। यानी इस्तेमाल किया गया पानी पूरी तरह साफ करके दोबारा उपयोग में लिया जाएगा और दूषित पानी बाहर नहीं छोड़ा जाएगा। साथ ही बिजली की जरूरत का एक हिस्सा सौर ऊर्जा से पूरा किया जाएगा, जिससे कार्बन उत्सर्जन भी कम होगा। इसके अलावा यह रिफाइनरी E20 यानी 20 प्रतिशत इथेनॉल मिश्रित पेट्रोल के लिए भी तैयार की गई है, ताकि भविष्य में और स्वच्छ ईंधन का इस्तेमाल बढ़ सके इतना ही नहीं, पूरे रिफाइनरी परिसर और आसपास 1 लाख 25 हजार से ज्यादा पौधे लगाए गए हैं। यह हरित क्षेत्र कार्बन डाइऑक्साइड को सोखने, धूल कम करने और आसपास के पर्यावरण को बेहतर बनाए रखने में अहम भूमिका निभाएगा। यानी पचपदरा रिफाइनरी सिर्फ औद्योगिक विकास का प्रतीक नहीं, बल्कि स्वच्छ ईंधन, आधुनिक तकनीक, पर्यावरण संरक्षण और आत्मनिर्भर भारत की दिशा में उठाया गया एक बड़ा कदम भी है।

4 जुलाई को जब प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी इसका उद्घाटन करेंगे, तब सिर्फ एक रिफाइनरी शुरू नहीं होगी... बल्कि पश्चिमी राजस्थान के विकास का एक नया अध्याय भी शुरू होगा। 



देश-दुनिया की हर बड़ी और ताजा खबर सबसे पहले पाने के लिए जुड़े रहिए PK TIMES के साथ। हमारी टीम हर पल आपको सटीक, तेज और विश्वसनीय जानकारी पहुंचाने के लिए तैयार है। राजनीति से लेकर जन सरोकार सहित हर महत्वपूर्ण अपडेट अब एक ही प्लेटफॉर्म पर। PK TIMES ऐप को प्ले स्टोर से डाउनलोड करें और कहीं भी,कभी भी खबरों से अपडेट रहें।