मानसून की पहली बरसात में खुली SMS अस्पताल की पोल, ट्रॉमा सेंटर बना तालाब, फॉल सीलिंग गिरी

जयपुर के सवाई मानसिंह (SMS) अस्पताल के ट्रॉमा सेंटर में मानसून की पहली तेज बारिश के दौरान ड्रेनेज पाइप फटने से मुख्य इमरजेंसी, ईसीजी रूम और माइनर ओटी में पानी भर गया। फॉल सीलिंग का हिस्सा भी गिर गया। प्रशासन ने जांच शुरू कर दी है।

मानसून की पहली बरसात में खुली SMS अस्पताल की पोल, ट्रॉमा सेंटर बना तालाब, फॉल सीलिंग गिरी

जयपुर में मानसून की पहली तेज बारिश ने प्रदेश के सबसे बड़े सरकारी अस्पताल सवाई मानसिंह (SMS) अस्पताल के ट्रॉमा सेंटर की व्यवस्थाओं पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए। बारिश के दौरान ड्रेनेज पाइप फटने से ट्रॉमा सेंटर के ग्राउंड फ्लोर स्थित मुख्य इमरजेंसी, ईसीजी रूम और माइनर ऑपरेशन थिएटर में पानी भर गया। अचानक हुए जलभराव से मरीजों के उपचार में बाधा आई और अस्पताल प्रशासन को कई मरीजों को तत्काल दूसरे सुरक्षित वार्डों में शिफ्ट करना पड़ा।

स्थिति उस समय और गंभीर हो गई, जब माइनर ओटी के बाहर लगी फॉल सीलिंग का एक हिस्सा भरभराकर नीचे गिर गया। हालांकि राहत की बात यह रही कि इस घटना में किसी के घायल होने की सूचना नहीं मिली, लेकिन इससे अस्पताल की आधारभूत सुविधाओं और रखरखाव पर सवाल उठने लगे।

घटना की जानकारी मिलते ही ट्रॉमा सेंटर के नोडल अधिकारी डॉ. राजेन्द्र मांडिया, उपअधीक्षक डॉ. जगदीश मोदी और अन्य प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंचे। अधिकारियों ने जलभराव वाले क्षेत्रों का निरीक्षण कर पानी निकालने और प्रभावित सेवाओं को जल्द से जल्द सामान्य करने के निर्देश दिए। साथ ही पाइपलाइन क्षतिग्रस्त होने के कारणों की जांच भी शुरू कर दी गई है।

मानसून की शुरुआत में ही सामने आई इस घटना ने अस्पताल की तैयारियों और इंफ्रास्ट्रक्चर की मजबूती को लेकर कई सवाल खड़े कर दिए हैं। मरीजों और उनके परिजनों का कहना है कि प्रदेश के सबसे बड़े सरकारी अस्पताल में ऐसी स्थिति चिंताजनक है, क्योंकि यहां रोजाना बड़ी संख्या में गंभीर मरीज इलाज के लिए पहुंचते हैं।


देश-दुनिया की हर बड़ी और ताजा खबर सबसे पहले पाने के लिए जुड़े रहिए PK TIMES के साथ। हमारी टीम हर पल आपको सटीक, तेज और विश्वसनीय जानकारी पहुंचाने के लिए तैयार है। राजनीति से लेकर जन सरोकार सहित हर महत्वपूर्ण अपडेट अब एक ही प्लेटफॉर्म पर। PK TIMES ऐप को प्ले स्टोर से डाउनलोड करें और कहीं भी,कभी भी खबरों से अपडेट रहें।