दौसा में 6 साल बाद खुला मासूम की हत्या का राज, एक्सप्रेसवे के नीचे दफन शव की तलाश जारी
दौसा में 6 साल बाद लापता मासूम बच्चे की हत्या का खुलासा, रिश्तेदारों ने की थी वारदात और शव को एक्सप्रेसवे के पास दफन किया। आरोपी गिरफ्तार, पुलिस कर रही जांच।
राजस्थान के दौसा जिले में 6 साल पहले लापता हुए एक मासूम बच्चे के मामले में सनसनीखेज खुलासा हुआ है। जिस बच्चे के जिंदा मिलने की उम्मीद परिवार सालों से लगाए बैठा था, अब पता चला है कि उसकी हत्या कर दी गई थी और शव को दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेसवे के पास दफना दिया गया। इस खुलासे के बाद इलाके में हड़कंप मच गया है।
जानकारी के अनुसार, साल 2020 में 4 वर्षीय प्रिंस उर्फ टिल्लू अपने घर के आंगन से अचानक गायब हो गया था। परिवार ने उसकी काफी तलाश की, लेकिन कोई सुराग नहीं मिला। मामला कोर्ट तक पहुंचा और लंबे समय तक जांच चलती रही, लेकिन कई सालों तक यह केस अनसुलझा ही रहा।
अब पुलिस जांच में बड़ा खुलासा हुआ है कि बच्चे की हत्या उसी के रिश्तेदारों—चाचा और चाची—ने ही कर दी थी। बताया जा रहा है कि पारिवारिक रंजिश के चलते इस वारदात को अंजाम दिया गया। आरोपियों ने हत्या के बाद शव को कुछ समय तक छिपाकर रखा और फिर एक्सप्रेसवे निर्माण के दौरान मिट्टी में दबा दिया, जिससे मामला वर्षों तक छिपा रहा।
खुलासे के बाद पुलिस ने एक्सप्रेसवे के पास बड़े स्तर पर खुदाई शुरू कर दी है। इसके लिए ग्राउंड पेनिट्रेटिंग रडार (GPR) मशीन की मदद ली जा रही है, जिससे जमीन के अंदर संभावित स्थान की पहचान की जा सके। मशीन से मिले संकेतों के आधार पर कई दिनों से लगातार खुदाई की जा रही है, लेकिन अब तक शव बरामद नहीं हो सका है।
इस पूरे मामले में सबसे चौंकाने वाली बात यह है कि आरोपी इतने सालों तक परिवार के साथ सामान्य तरीके से रहते रहे और बच्चे की तलाश में भी शामिल होते रहे, ताकि किसी को उन पर शक न हो। अब पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है और उनसे पूछताछ जारी है।
मामले के खुलासे के बाद परिवार में भारी आक्रोश है और वे आरोपियों को कड़ी से कड़ी सजा देने की मांग कर रहे हैं। वहीं, पुलिस का कहना है कि जल्द ही शव बरामद कर मामले को पूरी तरह सुलझाने का प्रयास किया जा रहा है।
Saloni Kushwaha 
