कोटा में 8500 लोगों से 2 करोड़ की ठगी, मास्टरमाइंड बिहार से गिरफ्तार
Kota में Oasis Enterprises के नाम पर रोजगार का झांसा देकर हजारों लोगों से ठगी करने वाले गिरोह के मास्टरमाइंड को पुलिस ने गिरफ्तार किया। करीब 8500 लोगों से लगभग 2 करोड़ रुपये ठगे गए थे।
राजस्थान में साइबर और निवेश से जुड़ी ठगी के मामले लगातार बढ़ते जा रहे हैं। इसी बीच कोटा में फर्जी कंपनी के जरिए हजारों लोगों से ठगी करने वाले अंतरराज्यीय गिरोह के मास्टरमाइंड को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी ने रोजगार का झांसा देकर करीब 8500 लोगों से लगभग 2 करोड़ रुपये ठग लिए थे।
फर्जी कंपनी खोलकर किया ठगी का खेल
पुलिस के अनुसार आरोपी ने ‘ओएसिस एंटरप्राइजेज’ नाम से एक कंपनी खोलकर लोगों को घर बैठे रोजगार देने का लालच दिया। इसके लिए प्रत्येक व्यक्ति से 2500 रुपये सुरक्षा राशि के नाम पर जमा कराए गए। करीब 8500 लोगों से पैसे लेने के बाद आरोपी कार्यालय बंद कर फरार हो गया।
शिकायत के बाद बनी एसआईटी
इस मामले में 15 नवंबर 2025 को अनंतपुरा थाने में कुलदीप शर्मा सहित कई पीड़ितों ने शिकायत दर्ज कराई थी। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने विशेष जांच टीम (SIT) का गठन किया और आरोपी की गिरफ्तारी पर 50 हजार रुपये का इनाम घोषित किया गया।
बिहार से पकड़ा गया मास्टरमाइंड
पुलिस अधीक्षक तेजस्वनी गौतम के मुताबिक तकनीकी विश्लेषण और डिजिटल सर्विलांस की मदद से पुलिस टीम ने बिहार के नवगछिया इलाके के एक होटल में दबिश देकर आरोपी कुमार सानू उर्फ दीपक सिंह को गिरफ्तार कर लिया। आरोपी बिहार के खगड़िया जिले का रहने वाला है।
नकदी और फर्जी दस्तावेज बरामद
गिरफ्तारी के दौरान पुलिस ने आरोपी के पास से नकदी, एक कार और कई फर्जी दस्तावेज बरामद किए हैं। फिलहाल पुलिस आरोपी से पूछताछ कर रही है और गिरोह से जुड़े अन्य लोगों की तलाश भी जारी है।
Saloni Kushwaha 
