रणथंभौर में मां-बेटी बाघिन की खूनी जंग, मीरा ने रिद्धि को किया गंभीर रूप से घायल, वन विभाग अलर्ट

राजस्थान के सबसे बड़े टाइगर रिजर्व रणथंभौर में मां-बेटी बाघिन के बीच हुई जबरदस्त टेरिटोरियल लड़ाई से वन विभाग में हड़कंप मच गया है। रणथंभौर के लेक एरिया में बाघिन टी-124 रिद्धि और उसकी बेटी मीरा (आईडी-2504) आमने-सामने आ गईं।

रणथंभौर में मां-बेटी बाघिन की खूनी जंग, मीरा ने रिद्धि को किया गंभीर रूप से घायल, वन विभाग अलर्ट

सवाई माधोपुर। राजस्थान के सबसे बड़े टाइगर रिजर्व रणथंभौर में मां-बेटी बाघिन के बीच हुई जबरदस्त टेरिटोरियल लड़ाई से वन विभाग में हड़कंप मच गया है। रणथंभौर के लेक एरिया में बाघिन टी-124 रिद्धि और उसकी बेटी मीरा (आईडी-2504) आमने-सामने आ गईं, जिसके बाद दोनों के बीच खूनी संघर्ष देखने को मिला। इस संघर्ष का वीडियो सामने आने के बाद वन विभाग अलर्ट मोड पर आ गया है।

आपसी टकराव में दोनों बाघिन घायल हो गईं। जानकारी के अनुसार, मां बाघिन रिद्धि के पैर में गंभीर चोटें आई हैं, जिसके कारण वह लंगड़ाते हुए नजर आ रही है। वहीं, बेटी मीरा के कान पर गहरा घाव पाया गया है। यह लड़ाई क्षेत्रीय प्रभुत्व (टेरिटोरियल जंग) को लेकर मानी जा रही है।

वन विभाग के अधिकारी कर रहे लगातार मॉनिटरिंग

घटना की सूचना मिलते ही रणथंभौर के आरओपीटी रेंजर अश्विनी प्रताप सिंह और रणथंभौर टाइगर रिजर्व के वेटरनरी ऑफिसर डॉ. सीपी मीणा जोन नंबर-3 में पहुंचे। अधिकारियों ने मौके पर पहुंचकर दोनों बाघिनों की स्थिति का अवलोकन किया।

वन विभाग द्वारा फोटोग्राफ और निगरानी के आधार पर बाघिनों की चोटों की गंभीरता का आकलन किया जा रहा है। फिलहाल उच्चाधिकारियों के निर्देशों का इंतजार किया जा रहा है, जिसके बाद ही इलाज या अन्य आवश्यक कदमों को लेकर निर्णय लिया जाएगा।