Rajasthan Roadways: 144 नई BS-6 ब्लू लाइन बसों को CM भजनलाल शर्मा ने दिखाई हरी झंडी, 23 डिपो को मिला आवंटन

मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने जयपुर के हीरापुरा बस टर्मिनल से 144 नई BS-6 ब्लू लाइन बसों को हरी झंडी दिखाई। बसों में CCTV, पैनिक बटन, VLTD, LED TV और अन्य आधुनिक सुविधाएं दी गई हैं।

Rajasthan Roadways: 144 नई BS-6 ब्लू लाइन बसों को CM भजनलाल शर्मा ने दिखाई हरी झंडी, 23 डिपो को मिला आवंटन
Cm Bhajanlal Sharma

Rajasthan Roadways New Buses: राजस्थान रोडवेज को बड़ी सौगात देते हुए मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने शनिवार को अजमेर रोड स्थित हीरापुरा बस टर्मिनल से 144 नई BS-6 ब्लू लाइन बसों को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। रोडवेज प्रशासन ने इन बसों का आवंटन प्रदेश के 23 डिपो को किया है। इस मौके पर मुख्यमंत्री ने महिलाओं को हेलमेट वितरित कर सड़क सुरक्षा का संदेश भी दिया।

नई बसों के साथ रोडवेज को तकनीकी रूप से भी हाईटेक बनाया गया है। वैशाली नगर डिपो की पांच बसों में यात्रियों के मनोरंजन और जनजागरूकता के लिए एलईडी टीवी लगाने की शुरुआत की गई है। इन टीवी के माध्यम से राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं का प्रसारण किया जाएगा। भविष्य में यह सुविधा सभी रोडवेज बसों में उपलब्ध कराने की योजना है।

नई BS-6 बसों का निर्माण केंद्र सरकार के नए बस बॉडी कोड तथा AIS-52 और AIS-153 सुरक्षा मानकों के अनुरूप किया गया है। महिला सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए प्रत्येक बस में पैनिक बटन, दो सीसीटीवी कैमरे, रियल टाइम मॉनिटरिंग सिस्टम, व्हीकल लोकेशन ट्रैकिंग डिवाइस (VLTD), फायर डिटेक्शन एवं अलार्म सिस्टम, इमरजेंसी एग्जिट, उद्घोषणा प्रणाली और हर सीट पर मोबाइल चार्जिंग पॉइंट जैसी आधुनिक सुविधाएं दी गई हैं। चालक की बेहतर दृश्यता के लिए क्वार्टर ग्लास विंडो भी लगाई गई है। रोडवेज ने यह भी स्पष्ट किया कि अनुबंधित बसों में भी सीसीटीवी कैमरे लगाना अनिवार्य किया जाएगा।

रोडवेज प्रशासन के अनुसार निजी कंपनी एलईडी टीवी लगाने के बदले प्रति बस 2,300 रुपये प्रतिमाह रोडवेज को भुगतान करेगी। बसों का आवंटन आबूरोड, अनूपगढ़, बारां, बाड़मेर, ब्यावर, बूंदी, चूरू, डूंगरपुर, हनुमानगढ़, जैसलमेर, जोधपुर, केकड़ी, कोटा, नागौर, पाली, फलोदी, प्रतापगढ़, सवाई माधोपुर, सीकर, श्रीमाधोपुर, टोंक, वैशाली नगर और विद्याधर नगर डिपो को किया गया है।

इस अवसर पर मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने कहा कि राजस्थान रोडवेज पहली बार घाटे से निकलकर लाभ की स्थिति में पहुंची है। उन्होंने कहा कि सरकार का लक्ष्य रोडवेज सेवाओं को गांवों, ढाणियों और धार्मिक स्थलों तक पहुंचाना है। उन्होंने कहा कि जनता से किया गया वादा पूरा करते हुए 144 नई बसें प्रदेश को समर्पित की गई हैं और रोडवेज कर्मचारियों को समय पर वेतन भी मिल रहा है।

वहीं, उपमुख्यमंत्री प्रेमचंद बैरवा ने कहा कि नई बसें मुख्यमंत्री की ओर से प्रदेशवासियों के लिए बड़ी सौगात हैं। उन्होंने बताया कि पिछले ढाई वर्षों में रोडवेज के बेड़े में एक हजार से अधिक नई बसें शामिल की जा चुकी हैं, जिससे आमजन को बेहतर और सुरक्षित परिवहन सुविधा मिल रही है।