Delhi Metro : खुले सभी 17 मेट्रो स्टेशन, यात्रियों के लिए फ्री...CJP ने खत्म किया प्रदर्शन, सरकार से लिखित आश्वासन का इंतजार
छात्रों के प्रदर्शन के बाद बंद किए गए राजीव चौक समेत सभी 17 मेट्रो स्टेशन दोबारा खुल गए। सभी रूटों पर मेट्रो सेवाएं सामान्य हुईं। CJP ने आंदोलन समाप्त करने का ऐलान किया।
Delhi Metro Update: दिल्ली में छात्रों के प्रदर्शन के चलते एहतियात के तौर पर बंद किए गए राजीव चौक, सेंट्रल सेक्रेटेरिएट समेत सभी 17 मेट्रो स्टेशनों को दोबारा खोल दिया गया है। इसके साथ ही सभी रूटों पर मेट्रो सेवाएं सामान्य रूप से बहाल हो गई हैं। स्टेशन खुलने के बाद बड़ी संख्या में यात्रियों ने राहत की सांस ली और अपने-अपने गंतव्य के लिए रवाना हुए।
प्रदर्शन में शामिल छात्रों की सुविधा को देखते हुए शनिवार (25 जुलाई) को मेट्रो यात्रा भी मुफ्त कर दी गई, ताकि प्रदर्शन समाप्त होने के बाद सभी छात्र सुरक्षित और आसानी से अपने घर लौट सकें। इस दौरान सभी प्रमुख मेट्रो स्टेशनों पर सुरक्षा व्यवस्था पहले की तरह कड़ी बनाए रखी गई।
जंतर-मंतर पर तैनात दिल्ली पुलिस ने प्रदर्शनकारियों से अपील की कि सरकार द्वारा उनकी प्रमुख मांगें स्वीकार किए जाने के बाद अब सभी लोग शांतिपूर्वक मेट्रो के माध्यम से अपने-अपने गंतव्य के लिए रवाना हों। पुलिस ने लोगों से कानून-व्यवस्था बनाए रखने और किसी भी तरह की अफवाहों पर ध्यान न देने की भी अपील की।
इस बीच कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) ने जंतर-मंतर पर चल रहे अपने आंदोलन को समाप्त करने का ऐलान कर दिया है। पार्टी के प्रवक्ता आशुतोष रांका ने कहा कि सरकार ने उनकी प्रमुख मांगों को स्वीकार कर लिया है, इसलिए सभी प्रदर्शनकारी अब अपने-अपने घर लौट जाएं।
संयुक्त प्रेस कॉन्फ्रेंस में CJP के प्रवक्ता सौरव दास ने बताया कि फिलहाल इस मुद्दे पर कोई नया आंदोलन नहीं किया जाएगा। उन्होंने कहा कि मंगलवार तक सरकार की ओर से लिखित गारंटी मिलने की उम्मीद है।
सौरव दास ने बताया कि 1 करोड़ रुपये के मुआवजे पर सहमति बन गई है। साथ ही परीक्षा प्रणाली में सुधार को लेकर सरकार के साथ व्यापक स्तर पर काम करने पर भी सहमति बनी है। उन्होंने कहा कि CJP अपना डिमांड चार्टर सरकार को सौंप चुकी है। प्रदर्शन समाप्त होने और सभी मेट्रो स्टेशनों के खुलने के बाद राजधानी में यातायात और जनजीवन एक बार फिर सामान्य होने लगा है।

