जयपुर में 16 साल की छात्रा की संदिग्ध मौत, कांग्रेस विधायक के दोहिते से इंस्टाग्राम चैट पर उठे सवाल
जयपुर के प्रतापनगर में 16 वर्षीय छात्रा वंशिका की संदिग्ध मौत से सनसनी फैल गई। अपार्टमेंट परिसर में शव मिलने के बाद परिवार ने हत्या का आरोप लगाया है। पुलिस सीसीटीवी फुटेज और अन्य साक्ष्यों के आधार पर मामले की जांच कर रही है।
जयपुर के प्रतापनगर इलाके में 16 वर्षीय छात्रा वंशिका की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत का मामला सामने आने के बाद क्षेत्र में सनसनी फैल गई है। 12वीं कक्षा में पढ़ने वाली वंशिका शुक्रवार शाम साइकिल चलाने के लिए घर से निकली थी, लेकिन देर रात तक वापस नहीं लौटी। शनिवार सुबह उसका शव एक अपार्टमेंट के पोर्च में मिलने से परिवार और स्थानीय लोगों में आक्रोश फैल गया।
परिजनों के अनुसार, वंशिका रोजाना की तरह शाम करीब 7 बजे दुकान से निकली थी। जब वह काफी देर तक घर नहीं पहुंची तो परिवार ने उसकी तलाश शुरू की। इसी बीच शनिवार सुबह एक अपार्टमेंट के बी-ब्लॉक के पोर्च में उसका शव मिलने की सूचना मिली। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी।
मृतका की मां ने आरोप लगाया है कि उनकी बेटी की सोशल मीडिया पर एक युवक से बातचीत होती थी। परिवार ने पहले भी उस युवक को बातचीत बंद करने के लिए कहा था। परिजनों का दावा है कि युवक ने खुद को प्रभावशाली बताते हुए उन्हें धमकी दी थी। अब परिवार उसी युवक पर अपहरण और हत्या का आरोप लगा रहा है तथा निष्पक्ष जांच की मांग कर रहा है।
पुलिस जांच के दौरान अपार्टमेंट की 13वीं मंजिल से छात्रा की चप्पल और चश्मा बरामद हुए हैं। वहीं सीसीटीवी फुटेज में वंशिका को अपार्टमेंट में प्रवेश करते और लिफ्ट के जरिए 13वीं मंजिल तक जाते हुए देखा गया है। हालांकि 13वीं मंजिल पर कैमरे नहीं होने के कारण वहां क्या हुआ, यह अब जांच का सबसे महत्वपूर्ण पहलू बन गया है।
घटना के बाद परिजन आरयूएचएस अस्पताल के बाहर धरने पर बैठ गए और पुलिस पर लापरवाही का आरोप लगाया। उनका कहना है कि पुलिस को सुबह ही शव मिल गया था, लेकिन परिवार को समय पर सूचना नहीं दी गई। परिवार ने मामले की निष्पक्ष जांच और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि पहले गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज की गई थी, जिसे अब आपराधिक मामले में बदल दिया गया है। सीसीटीवी फुटेज, तकनीकी साक्ष्यों और परिजनों द्वारा लगाए गए आरोपों के आधार पर जांच की जा रही है। फिलहाल यह स्पष्ट नहीं है कि मामला आत्महत्या का है या हत्या का। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के बाद ही मौत की असली वजह सामने आ सकेगी।
Saloni Kushwaha 
