पुश्तैनी जमीन को लेकर रिश्तेदारों में खूनी संघर्ष, महिलाएं भी घायल, 11 दिन बाद भी दहशत

पुश्तैनी जमीन को लेकर रिश्तेदारों में खूनी संघर्ष, महिलाएं भी घायल, 11 दिन बाद भी दहशत

जयपुर। राजधानी जयपुर के रेलवे स्टेशन सदर थाना क्षेत्र में पुश्तैनी जमीन के विवाद ने हिंसक रूप ले लिया। दो पक्षों के रिश्तेदारों के बीच पहले कहासुनी हुई और फिर मामला इतना बढ़ गया कि दोनों ओर से हथियारों से हमला और जमकर पथराव हुआ। इस खूनी संघर्ष का सीसीटीवी वीडियो भी सामने आया है, जो 31 दिसंबर का बताया जा रहा है।

घटना के बाद इलाके में इस कदर दहशत फैल गई कि 11 दिन बीत जाने के बाद भी लोग घरों में कैद रहने को मजबूर हैं।

हथियार लेकर पहुंचे दोनों पक्ष

जानकारी के अनुसार विवाद की जड़ पुश्तैनी संपत्ति है। दोनों पक्ष आपसी बातचीत के लिए आमने-सामने बैठे थे, लेकिन अचानक माहौल बिगड़ गया। आरोप है कि रिजवान और उसके साथियों ने पहले हमला किया, जिसके बाद दोनों ओर से हथियार निकल आए और पत्थरबाजी शुरू हो गई।

महिलाओं और पुरुषों को आईं गंभीर चोटें

इस संघर्ष में घर की महिलाओं के गले और हाथों पर गंभीर चोटें आई हैं, जबकि पुरुषों के सिर में गंभीर जख्म आए और कई लोगों के टांके भी लगे हैं। पीड़िता ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि वह अपने पति, बेटे और दो बेटियों के साथ संयुक्त परिवार में रहती हैं।

पीड़िता के अनुसार उनके रिश्तेदार अबरार, रिजवान, अयास, फरजान समेत अन्य लोग लंबे समय से उन्हें परेशान कर रहे थे।

दोनों पक्षों पर दर्ज हुए मामले

सदर थानाधिकारी बृजमोहन ने बताया कि इस प्रकरण में शांतिभंग का मामला दर्ज किया गया है। दोनों पक्षों की ओर से एफआईआर दर्ज करवाई गई है। झगड़े के दौरान शांतिभंग के आरोप में दोनों पक्षों को गिरफ्तार भी किया गया था। फिलहाल मामले की जांच जारी है।

पुलिस का कहना है कि इलाके में कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए निगरानी बढ़ा दी गई है, लेकिन घटना के बाद से स्थानीय लोगों में डर का माहौल बना हुआ है।