जयपुर में मुख्य न्यायाधीश का दौरा, न्यायिक इतिहास का अहम दिन बनने की तैयारी
Surya Kant जयपुर दौरे पर, हाईकोर्ट में ऐतिहासिक दिन—39 जज एक साथ सुनवाई करेंगे। सेमिनार के बीच वकीलों का बहिष्कार, बार-बेंच टकराव जारी।
देश के मुख्य न्यायाधीश सूर्यकांत शुक्रवार रात जयपुर पहुंचेंगे। बीते दो महीनों में यह उनका दूसरा जयपुर दौरा है, जिससे इस विजिट को खास महत्व दिया जा रहा है। इससे पहले 20 फरवरी को उन्होंने साइबर सिक्योरिटी पर आयोजित सम्मेलन का उद्घाटन किया था।
शनिवार को सीजेआई ‘द बेंच बियॉन्ड रिटायरमेंट’ विषय पर आयोजित एक दिवसीय सेमिनार को संबोधित करेंगे। इस कार्यक्रम में भजनलाल शर्मा भी शामिल होंगे। सेमिनार में रिटायर्ड जजों की भूमिका और न्यायिक व्यवस्था में उनके योगदान पर चर्चा होगी।
एक साथ बैठेंगे 39 जज, ऐतिहासिक दिन
सीजेआई के दौरे के दौरान राजस्थान हाईकोर्ट के कार्यवाहक मुख्य न्यायाधीश एसपी शर्मा समेत कुल 39 जज जयपुर बेंच पर मौजूद रहेंगे। हाईकोर्ट के इतिहास में यह संभवतः पहला मौका होगा, जब सभी जज एक साथ बैठकर सुनवाई करेंगे।
इस विशेष दिन के लिए रोस्टर में बदलाव करते हुए:
- 4 लार्जर बेंच
- 6 खंडपीठ
- 15 एकलपीठ
का गठन किया गया है। जोधपुर से जुड़े मामलों की सुनवाई भी वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए जयपुर से ही की जाएगी।
वकीलों का बहिष्कार, बार-बेंच टकराव जारी
हालांकि इस ऐतिहासिक मौके के बीच एक बड़ा विवाद भी बना हुआ है। शनिवार को कार्यदिवस घोषित किए जाने के विरोध में वकील स्वैच्छिक कार्य बहिष्कार पर रहेंगे। बार और बेंच के बीच यह टकराव पिछले साल दिसंबर में लिए गए फैसले के बाद से जारी है, जिसमें हर महीने दो शनिवार को कार्यदिवस रखने का निर्णय लिया गया था।
सीजेआई की मौजूदगी के बावजूद इस विवाद का समाधान होता नहीं दिख रहा, जिससे न्यायिक गतिविधियों पर असर पड़ने की आशंका बनी हुई है।
Saloni Kushwaha 
