NEET-CBSE विवाद पर फिर गरजा CJP, पुणे यूनिवर्सिटी में शिक्षा मंत्री के इस्तीफे को लेकर होगा बड़ा प्रदर्शन
11 जून को SPPU में जुटेंगे प्रदर्शनकारी, शिक्षा व्यवस्था में अनियमितताओं और पेपर लीक के खिलाफ उठेगी आवाज
NEET और CBSE से जुड़े विवादों के बीच केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग को लेकर ‘कॉकरोच जनता पार्टी’ (CJP) ने एक और बड़े विरोध प्रदर्शन का ऐलान किया है। पार्टी का दूसरा प्रदर्शन 11 जून 2026 को महाराष्ट्र के पुणे स्थित सावित्रीबाई फुले पुणे यूनिवर्सिटी (SPPU) परिसर में शाम 4 बजे आयोजित किया जाएगा।
इस प्रदर्शन का नेतृत्व कॉकरोच जनता पार्टी के संस्थापक अभिजीत दीपके करेंगे। पार्टी का आरोप है कि शिक्षा व्यवस्था में लगातार सामने आ रही अनियमितताओं, परीक्षा प्रबंधन में खामियों और कथित पेपर लीक मामलों ने छात्रों का भरोसा कमजोर किया है। इसी को लेकर CJP शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग कर रही है।

इससे पहले भी पार्टी ने दिल्ली में विरोध प्रदर्शन किया था। अब पुणे में आयोजित होने वाला यह प्रदर्शन शिक्षा व्यवस्था में सुधार और जवाबदेही तय करने की मांग को लेकर किया जा रहा है। पार्टी का कहना है कि छात्रों के भविष्य से जुड़े मुद्दों पर सरकार को जवाब देना चाहिए और जिम्मेदार लोगों के खिलाफ कार्रवाई होनी चाहिए।
पुणे को देश के प्रमुख शैक्षणिक केंद्रों में गिना जाता है, ऐसे में SPPU में होने वाला यह प्रदर्शन राजनीतिक और शैक्षणिक दोनों दृष्टि से महत्वपूर्ण माना जा रहा है। CJP ने छात्रों, अभिभावकों और शिक्षा से जुड़े लोगों से प्रदर्शन में शामिल होने की अपील की है।
Saloni Kushwaha 
