खान सर को बड़ी राहत: कोचिंग सेंटर फायरिंग केस में गिरफ्तारी पर लगी रोक, कोर्ट से मिली अंतरिम सुरक्षा
खान सर को पटना कोचिंग सेंटर फायरिंग मामले में बड़ी राहत मिली है। पटना जिला अदालत ने अग्रिम जमानत याचिका पर सुनवाई करते हुए उनकी गिरफ्तारी पर फिलहाल रोक लगा दी है।
Khan Sir News: मशहूर शिक्षक और यूट्यूबर खान सर को कोचिंग सेंटर पर हुए हमले और फायरिंग मामले में बड़ी कानूनी राहत मिली है। पटना जिला अदालत ने उनकी गिरफ्तारी पर फिलहाल रोक लगा दी है। गिरफ्तारी की आशंका के बीच खान सर ने कोर्ट का दरवाजा खटखटाया था, जिसके बाद उन्हें अंतरिम राहत मिल गई।
बताया जा रहा है कि खान सर ने सोमवार (8 जून) को पटना जिला अदालत में अग्रिम जमानत (Anticipatory Bail) की याचिका दाखिल की थी। मामले की सुनवाई के दौरान अदालत ने उनकी गिरफ्तारी पर रोक लगाने का आदेश दिया, जिससे उन्हें फिलहाल राहत मिल गई है।
क्या है पूरा मामला?
यह मामला 2 जून का है, जब पटना स्थित खान ग्लोबल स्टडीज कोचिंग सेंटर के बाहर अचानक फायरिंग और मारपीट की घटना सामने आई थी। घटना के बाद इलाके में हड़कंप मच गया था और इसका वीडियो भी सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हुआ था।
वायरल वीडियो में संस्थान से जुड़े दो सिक्योरिटी गार्ड हथियार लहराते और गोलियां चलाते नजर आए थे। वीडियो सामने आने के बाद पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए दोनों सुरक्षा गार्डों को हिरासत में ले लिया था और मामले की जांच शुरू कर दी थी।

खान सर पर क्यों मंडरा रही थी गिरफ्तारी की आशंका?
फायरिंग और हमले के मामले की जांच के दौरान खान सर का नाम भी सामने आया, जिसके बाद उनकी गिरफ्तारी की संभावना जताई जा रही थी। इसी को देखते हुए उन्होंने अदालत में अग्रिम जमानत की याचिका दाखिल की थी। अब कोर्ट के आदेश के बाद उन्हें अस्थायी राहत मिल गई है।
जांच जारी, अगली सुनवाई पर नजर
हालांकि अदालत से राहत मिलने के बावजूद मामला अभी पूरी तरह खत्म नहीं हुआ है। पुलिस अपनी जांच जारी रखे हुए है और आने वाले दिनों में मामले से जुड़े नए तथ्य सामने आ सकते हैं। अब सभी की नजर कोर्ट की अगली सुनवाई और पुलिस जांच की रिपोर्ट पर टिकी हुई है।
Saloni Kushwaha 
