ईरान इज़राइल युद्ध की वजह से दुबई में फंसे जोधपुर के 120 श्रद्धालु आज लौटेंग े अपने देश
ईरान-इज़राइल युद्ध के कारण दुबई में फंसे जोधपुर के करीब 120 श्रद्धालुओं की फ्लाइट रद्द हो गई। धार्मिक कार्यक्रम में शामिल होने गए ये श्रद्धालु फिलहाल दुबई में सुरक्षित हैं और भारत लौटने का इंतजार कर रहे हैं।
मध्य-पूर्व में बढ़ते तनाव और ईरान-इज़राइल संघर्ष का असर अब भारत तक पहुंचता दिख रहा है। राजस्थान के जोधपुर के करीब 120 श्रद्धालु दुबई में फंस गए हैं। इन सभी लोगों की वापसी की फ्लाइट अचानक रद्द होने के कारण वे फिलहाल दुबई में ही रुकने को मजबूर हैं।
जानकारी के अनुसार, जोधपुर के सूरसागर और मंडोर क्षेत्र के श्रद्धालु संत अमृतराम महाराज के साथ धार्मिक कथा में भाग लेने के लिए दुबई गए थे। यह धार्मिक कार्यक्रम 24 फरवरी से 28 फरवरी तक आयोजित किया गया था। कार्यक्रम समाप्त होने के बाद जब सभी श्रद्धालु भारत लौटने के लिए एयरपोर्ट पहुंचे तो उन्हें बताया गया कि क्षेत्र में बढ़ते सैन्य तनाव और सुरक्षा कारणों के चलते उनकी फ्लाइट रद्द कर दी गई है।
फ्लाइट रद्द होने के बाद एयरपोर्ट प्रशासन ने सभी यात्रियों को वापस होटल भेज दिया, जहां वे अस्थायी रूप से ठहरे हुए हैं। संत अमृतराम महाराज ने एक वीडियो संदेश जारी कर बताया कि सभी श्रद्धालु सुरक्षित हैं, लेकिन वे जल्द से जल्द भारत लौटना चाहते हैं।
बताया जा रहा है कि फंसे हुए लोगों में से लगभग 100 श्रद्धालु जोधपुर के माली समुदाय से जुड़े हैं। अचानक यात्रा बढ़ने के कारण कई लोगों के पास सीमित पैसे और संसाधन ही बचे हैं, जिससे उन्हें आर्थिक और व्यवस्थागत परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। वहीं जोधपुर में मौजूद उनके परिवारों में भी चिंता का माहौल बना हुआ है। परिजनों ने भारत सरकार से मांग की है कि इन सभी श्रद्धालुओं की सुरक्षित वापसी के लिए जल्द से जल्द कदम उठाए जाएं। क्षेत्र में जारी मिसाइल हमलों और बढ़ते युद्ध जैसे हालात के कारण लोगों की चिंता और भी बढ़ गई है।
Saloni Kushwaha 
