सीकर में एसीबी की बड़ी कार्रवाई: ED के सीनियर हेड कांस्टेबल 13 लाख की घूस लेते गिरफ्तार
सीकर में एसीबी की ट्रैप कार्रवाई, ED के सीनियर हेड कांस्टेबल को 13 लाख रुपये की घूस लेते रंगे हाथों गिरफ्तार। मामले में पूछताछ जारी, बड़े खुलासों की संभावना।
राजस्थान के सीकर में भ्रष्टाचार के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए एंटी करप्शन ब्यूरो राजस्थान (ACB) जयपुर की टीम ने Enforcement Directorate (ED) के एक सीनियर हेड कांस्टेबल को 13 लाख रुपये की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथों गिरफ्तार किया है। आरोपी की पहचान चंडीगढ़ स्थित ED कार्यालय में तैनात उत्तम पांडे के रूप में हुई है।
आरोपी ने मांगे थे 15 लाख रुपये
जानकारी के अनुसार, आरोपी ने एक प्रकरण में परिवादी को आरोपी नहीं बनाने के बदले 15 लाख रुपये की रिश्वत की मांग की थी। शिकायत मिलने पर एसीबी ने सत्यापन किया, जिसमें रिश्वत मांगने की पुष्टि हुई। इसके बाद टीम ने जाल बिछाकर सीकर के कल्याण सर्किल स्थित एक होटल में 13 लाख रुपये लेते हुए आरोपी को दबोच लिया।
डीएसपी विजय सिंह ने क्या बताया?
ट्रैप कार्रवाई एसीबी के डीएसपी विजय सिंह के नेतृत्व में की गई, जबकि निगरानी डीआईजी अनिल कयाल ने की। डीएसपी ने बताया कि परिवादी ने 30 दिसंबर को शिकायत दर्ज कराई थी। मामले में समन की तामील के दौरान आरोपी ने पहले 20 लाख, फिर 18 लाख और अंत में 15 लाख रुपये की मांग की थी।
कॉल रिकॉर्डिंग से पुष्टि
सत्यापन के दौरान आरोपी और परिवादी के बीच मोबाइल व व्हाट्सएप कॉल पर हुई चार–पांच बातचीत की रिकॉर्डिंग भी की गई, जिसमें 13 लाख रुपये की मांग की पुष्टि हुई।
एसीबी फिलहाल आरोपी से पूछताछ कर रही है और पूरे नेटवर्क की जांच जारी है। अधिकारियों का कहना है कि मामले में आगे भी महत्वपूर्ण खुलासे हो सकते हैं।
Saloni Kushwaha 
