जयपुर में कांग्रेस का विधानसभा घेराव, अशोक गहलोत और गोविंद सिंह डोटासरा हिरासत में
जयपुर में छात्रों के मुद्दे पर कांग्रेस का विधानसभा मार्च के दौरान बड़ा प्रदर्शन हुआ। पुलिस ने पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत, प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष गोविंद सिंह डोटासरा समेत कई नेताओं और कार्यकर्ताओं को हिरासत में लिया।
Jaipur Congress Protest: छात्रों के मुद्दे को लेकर मंगलवार को जयपुर में कांग्रेस ने अंबेडकर सर्किल से विधानसभा तक जोरदार विरोध प्रदर्शन किया। प्रदर्शन के दौरान पुलिस ने पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत, प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष गोविंद सिंह डोटासरा समेत कई वरिष्ठ कांग्रेस नेताओं और कार्यकर्ताओं को हिरासत में ले लिया।
कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी करते हुए विधानसभा की ओर कूच किया। इस दौरान पुलिस ने बैरिकेडिंग कर प्रदर्शनकारियों को रोकने की कोशिश की, जिसके बाद मौके पर तनावपूर्ण स्थिति बन गई।
हिरासत की कार्रवाई के दौरान कई कांग्रेस कार्यकर्ता पुलिस की बस के सामने लेट गए और सरकार के खिलाफ नारे लगाते हुए गिरफ्तारी का विरोध किया। कुछ देर तक विधानसभा के सामने मुख्य सड़क पर प्रदर्शन के कारण यातायात भी प्रभावित रहा।
स्थिति बिगड़ती देख पुलिस ने अतिरिक्त बल बुलाया और प्रदर्शनकारियों को हिरासत में लेकर मौके से हटाया। इसके बाद यातायात को सामान्य कराया गया।
कांग्रेस का कहना है कि छात्रों से जुड़े मुद्दों और सरकार की नीतियों के विरोध में यह प्रदर्शन किया गया, जबकि पुलिस ने कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए कार्रवाई की।

