जयपुर में JDA का बड़ा एक्शन: नंदपुरी रोड पर चला बुलडोजर, मस्जिद समेत 5 धार्मिक ढांचे कार्रवाई की जद में

जयपुर के जगतपुरा में JDA ने ‘ऑपरेशन 80 फीट’ के तहत सड़क चौड़ीकरण अभियान शुरू किया। नंदपुरी अंडरपास मार्ग पर अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई में नूरानी मस्जिद समेत कई धार्मिक संरचनाएं प्रभावित हुईं।

जयपुर में JDA का बड़ा एक्शन: नंदपुरी रोड पर चला बुलडोजर, मस्जिद समेत 5 धार्मिक ढांचे कार्रवाई की जद में

जयपुर के जगतपुरा क्षेत्र में सड़क चौड़ीकरण को लेकर जयपुर विकास प्राधिकरण (JDA) ने सोमवार को बड़ा अतिक्रमण हटाओ अभियान शुरू कर दिया। नंदपुरी अंडरपास से रेलवे लाइन के समानांतर सड़क को 80 फीट चौड़ा करने के लिए ‘ऑपरेशन 80 फीट’ के तहत बुलडोजर कार्रवाई की जा रही है। इस दौरान नूरानी मस्जिद की एक ओर की दीवार हटाने की प्रक्रिया भी शुरू कर दी गई।

प्रशासन के अनुसार, सड़क चौड़ीकरण परियोजना का उद्देश्य जगतपुरा और आसपास के इलाकों में बढ़ते ट्रैफिक दबाव को कम करना और यातायात को सुगम बनाना है। अभियान के तहत सड़क की निर्धारित सीमा (राइट ऑफ वे) में आने वाले निर्माणों को हटाया जा रहा है।

JDA अधिकारियों ने बताया कि कार्रवाई की जद में कुल पांच धार्मिक संरचनाएं भी आ रही हैं, जिनमें एक मस्जिद, दो मंदिर, एक सत्संग भवन और एक मजार शामिल हैं। संबंधित पक्षों को पहले ही नोटिस जारी कर स्वयं अतिक्रमण हटाने के लिए पर्याप्त समय दिया गया था, लेकिन तय अवधि तक कार्रवाई नहीं होने पर प्रशासन को यह कदम उठाना पड़ा।

गौरतलब है कि 22 मई को भी JDA की विजिलेंस शाखा ने इसी मार्ग पर अभियान चलाकर 134 अतिक्रमण हटाए थे। इसके बाद शेष निर्माणों को हटाने के लिए नोटिस जारी किए गए थे।

किसी भी अप्रिय स्थिति से निपटने के लिए मौके पर भारी पुलिस बल और JDA की संयुक्त टीमें तैनात हैं। प्रशासन का कहना है कि पूरी कार्रवाई कानून के दायरे में और शांतिपूर्ण तरीके से की जा रही है।