Rahul Gandhi PC: 'धर्मेंद्र प्रधान को हटाना पहली मांग', छात्रों की तीन मांगों पर समझौता नहीं- राहुल गांधी
राहुल गांधी ने NEET पेपर लीक और शिक्षा व्यवस्था को लेकर केंद्र सरकार पर निशाना साधा। उन्होंने छात्रों की तीन प्रमुख मांगों का जिक्र करते हुए धर्मेंद्र प्रधान को हटाने, जिम्मेदार अधिकारियों पर कार्रवाई और प्रधानमंत्री से माफी की मांग दोहराई।
Rahul Gandhi Press Conference: कथित NEET पेपर लीक और परीक्षा व्यवस्था में गड़बड़ियों को लेकर केंद्र सरकार पर हमला तेज करते हुए कांग्रेस सांसद और लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने शनिवार को प्रेस कॉन्फ्रेंस की। उन्होंने कहा कि अनशन पर बैठे छात्रों से उनकी बातचीत हुई है और उनकी तीन प्रमुख मांगें हैं, जिन पर किसी भी तरह का समझौता नहीं किया जा सकता।
राहुल गांधी ने कहा कि छात्रों की पहली और सबसे बड़ी मांग केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान को तत्काल पद से हटाने की है। उनके अनुसार, छात्र चाहते हैं कि शिक्षा व्यवस्था में जवाबदेही तय हो और जिम्मेदार लोगों के खिलाफ कार्रवाई हो।
उन्होंने आरोप लगाया कि धर्मेंद्र प्रधान भ्रष्ट, अयोग्य और अपनी जिम्मेदारियों के अनुरूप काम नहीं कर रहे हैं। राहुल गांधी ने दावा किया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की कैबिनेट में धर्मेंद्र प्रधान को शिक्षा मंत्रालय से हटाकर किसी अन्य मंत्रालय की जिम्मेदारी देने पर चर्चा चल रही है। हालांकि उन्होंने कहा कि केवल मंत्रालय बदलना समाधान नहीं है और छात्र इसे स्वीकार नहीं करेंगे।
राहुल गांधी ने कहा कि धर्मेंद्र प्रधान अब केवल एक मंत्री नहीं, बल्कि शिक्षा व्यवस्था में भ्रष्टाचार और छात्रों के भविष्य के साथ हुए नुकसान का प्रतीक बन चुके हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि देश की सबसे बड़ी पूंजी उसके छात्र हैं, लेकिन मौजूदा व्यवस्था में उनके भविष्य के साथ सबसे अधिक अन्याय हुआ है।
राहुल गांधी ने छात्रों की अन्य दो मांगों का भी उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि प्रदर्शन कर रहे छात्रों पर कथित बल प्रयोग के लिए जिम्मेदार अधिकारियों और कर्मियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए। इसके अलावा, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी देश के छात्रों से सार्वजनिक रूप से माफी मांगें।
उन्होंने दोहराया कि छात्रों की इन तीनों मांगों पर कोई समझौता नहीं हो सकता और कांग्रेस उनके समर्थन में खड़ी रहेगी

