राजस्थान में अवैध हथियार तस्करी पर बड़ी कार्रवाई, 11 पिस्टल और 22 मैगजीन जब्त

हनुमानगढ़ में बीकानेर रेंज पुलिस की बड़ी कार्रवाई, 11 पिस्टल और 22 मैगजीन के साथ दो तस्कर गिरफ्तार। बम्बिहा गैंग से जुड़े तार, आर्म्स एक्ट में मामला दर्ज।

राजस्थान में अवैध हथियार तस्करी पर बड़ी कार्रवाई, 11 पिस्टल और 22 मैगजीन जब्त

राजस्थान के हनुमानगढ़ जिले में अवैध हथियार तस्करी के खिलाफ अब तक की बड़ी कार्रवाई सामने आई है। बीकानेर रेंज पुलिस ने दो तस्करों को गिरफ्तार कर हथियारों का बड़ा जखीरा बरामद किया है। इस कार्रवाई को पूरे रेंज की अहम सफलता माना जा रहा है।

नाकाबंदी के दौरान पकड़े गए आरोपी

आईजी ओमप्रकाश, एसपी हरिशंकर, एएसपी अरविंद विश्नोई, डीएसपी करण सिंह और टाउन सीआई अशोक विश्नोई ने प्रेस वार्ता में बताया कि टाउन थाना पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि पंजाब से जुड़े दो युवक अवैध हथियार लेकर राजस्थान के रास्ते वापस पंजाब जाने वाले हैं।

सूचना मिलते ही लखूवाली चौकी प्रभारी एएसआई किशोर मान के नेतृत्व में टीम गठित कर नाकाबंदी की गई। नाकाबंदी की भनक लगते ही दोनों युवक निजी बस से उतरकर आईजीएनपी नहर के पटड़े की ओर पैदल चलने लगे। संदेह होने पर पुलिस ने पीछा कर दोनों को पकड़ लिया। तलाशी में उनके बैग से 11 पिस्टल और 22 मैगजीन बरामद की गईं।

मध्यप्रदेश से पंजाब तक सप्लाई की साजिश

पूछताछ में सामने आया कि हथियार इंदौर (मध्यप्रदेश) से लाए गए थे और इन्हें पंजाब में सप्लाई किया जाना था। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान अमनदीप उर्फ कैप्टन और पवनदीप उर्फ बिल्ला के रूप में हुई है, जो पंजाब के निवासी बताए जा रहे हैं।

बम्बिहा गैंग से जुड़े तार

जांच में यह भी सामने आया कि दोनों आरोपी बम्बिहा गैंग से जुड़े हैं। पूछताछ के दौरान खुलासा हुआ कि पंजाब की जेल में बंद एक अपराधी विशाल के कहने पर ये हथियार लाए गए थे। पुलिस यह भी जांच कर रही है कि इन हथियारों का इस्तेमाल किसी बड़ी वारदात में तो नहीं किया जाना था।

कार्रवाई में शामिल टीम को मिलेगा सम्मान

आईजी ओमप्रकाश ने बताया कि इस ऑपरेशन में शामिल एएसआई किशोर मान, एएसआई जसवंत भाकर, हवलदार रामनारायण और कांस्टेबल राकेश को सम्मानित करने की अनुशंसा की जाएगी। आरोपियों के खिलाफ आर्म्स एक्ट और संगठित अपराध की धाराओं में मामला दर्ज कर उन्हें रिमांड पर लिया गया है।