CJP-Government Meeting: केंद्र और CJP के बीच दो घंटे की बैठक, तीन में से दो मांगों पर बनी सहमति, धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे पर फैसला कल

NEET पेपर लीक मुद्दे पर CJP और केंद्र सरकार के बीच दो घंटे बैठक हुई। CJP का दावा है कि तीन में से दो मांगों पर सकारात्मक संकेत मिले, जबकि धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे पर फैसला शनिवार की बैठक में होगा।

CJP-Government Meeting: केंद्र और CJP के बीच दो घंटे की बैठक, तीन में से दो मांगों पर बनी सहमति, धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे पर फैसला कल

CJP-Government Meeting: नीट परीक्षा पेपर लीक को लेकर दिल्ली के जंतर-मंतर पर चल रहे छात्र आंदोलन के बीच शुक्रवार (24 जुलाई, 2026) को कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) और केंद्र सरकार के बीच करीब दो घंटे तक अहम बैठक हुई। बैठक में छात्रों की ओर से CJP के मुख्य प्रवक्ता सौरव दास और आशुतोष रांका शामिल हुए। बातचीत के दौरान संगठन ने अपनी तीन प्रमुख मांगें सरकार के सामने दोहराईं।

बैठक के बाद CJP ने दावा किया कि सरकार ने उनकी तीन में से दो मांगों पर सकारात्मक रुख दिखाया है, जबकि केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग पर अभी कोई सहमति नहीं बनी है।

CJP के अनुसार, सरकार ने आत्महत्या करने वाले छात्रों के परिजनों को मुआवजा देने और आंदोलन में शामिल छात्रों के खिलाफ दर्ज मामलों तथा भविष्य में कार्रवाई नहीं करने की मांग पर सकारात्मक संकेत दिए हैं। हालांकि धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे के मुद्दे पर सरकार ने अभी अंतिम निर्णय नहीं लिया है।

बैठक के बाद CJP प्रवक्ता सौरव दास ने कहा, "हमारी तीन मांगें हैं—धर्मेंद्र प्रधान का इस्तीफा, प्रभावित परिवारों को मुआवजा और छात्रों पर दर्ज एफआईआर वापस लेकर भविष्य में किसी भी छात्र के खिलाफ कार्रवाई नहीं करने का भरोसा। सरकार ने हमारी दो मांगों पर सकारात्मक संकेत दिए हैं, लेकिन इस्तीफे के मुद्दे पर अभी सहमति नहीं बनी है।"

उन्होंने बताया कि सरकार ने इस मुद्दे पर जवाब देने के लिए शनिवार (25 जुलाई, 2026) दोपहर तक का समय मांगा है। दोनों पक्षों के बीच शनिवार दोपहर 3:30 बजे फिर से बैठक होगी।

CJP ने स्पष्ट किया कि यदि अगली बैठक में भी धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग नहीं मानी जाती है, तो संगठन देशव्यापी शांतिपूर्ण विरोध प्रदर्शन शुरू करेगा।