आज की रात बड़ी 'कातिल' है! राजस्थान में तबादलों का आखिरी दिन, कई विभागों की जंबो ट्रांसफर लिस्ट आज हो सकती है जारी

10 जुलाई तबादलों पर मिली छूट का अंतिम दिन है। सरकार की ओर से समय-सीमा नहीं बढ़ाई गई तो आज शाम तक कई बड़े विभागों की तबादला सूची जारी होने की संभावना है।

आज की रात बड़ी 'कातिल' है! राजस्थान में तबादलों का आखिरी दिन, कई विभागों की जंबो ट्रांसफर लिस्ट आज हो सकती है जारी

राजस्थान में सरकारी कर्मचारियों के तबादलों को लेकर आज का दिन बेहद अहम माना जा रहा है। राज्य सरकार की ओर से तबादलों पर दी गई छूट की अंतिम तारीख 10 जुलाई है। यदि सरकार की ओर से समय-सीमा बढ़ाने का कोई नया आदेश जारी नहीं किया जाता है तो आज शाम तक कई बड़े विभागों की जंबो ट्रांसफर लिस्ट जारी हो सकती है। सचिवालय में दिनभर हलचल तेज रही और विभिन्न विभाग अंतिम दौर की तैयारियों में जुटे रहे।

तबादलों के लिए बड़ी-बड़ी सिफारिश
तबादलों की प्रक्रिया अंतिम चरण में पहुंचने के साथ ही सचिवालय और मंत्रियों के आवासों पर कर्मचारियों की भीड़ देखी जा रही है। बड़ी संख्या में कर्मचारी और जनप्रतिनिधि तबादले से जुड़े आवेदन लेकर पहुंच रहे हैं। अधिकारियों ने भी देर रात तक सूची तैयार करने का काम किया और अब सभी की नजर अंतिम आदेशों पर टिकी हुई है।


अब तक शिक्षा विभाग सबसे बड़ी तबादला सूची जारी कर चुका है। हजारों शिक्षकों के साथ प्रतिनियुक्ति पर कार्यरत व्याख्याताओं और प्राचार्यों के तबादला आदेश भी जारी किए जा चुके हैं। वहीं बिजली, जलदाय, वित्त, पुलिस और राजस्व जैसे बड़े विभागों के कर्मचारियों को अब अपनी तबादला सूची का इंतजार है।

सरकार ने इस बार तबादलों में एकल महिला, विधवा, परित्यक्ता, दिव्यांग और कैंसर, हृदय एवं किडनी जैसी गंभीर बीमारियों से पीड़ित कर्मचारियों को प्राथमिकता देने के निर्देश दिए हैं। हालांकि शिक्षा विभाग के थर्ड ग्रेड शिक्षकों और चिकित्सा एवं स्वास्थ्य विभाग के कर्मचारियों पर तबादलों का प्रतिबंध फिलहाल जारी है।

क्या तबादलों की तारीख बढ़ेगी ?
राजनीतिक और प्रशासनिक गलियारों में तबादलों की समय-सीमा बढ़ाने की चर्चा जरूर है, लेकिन अभी तक सरकार की ओर से कोई आधिकारिक आदेश जारी नहीं हुआ है। ऐसे में यदि दिन समाप्त होने तक कोई नई अधिसूचना नहीं आती है तो ट्रांसफर विंडो बंद हो जाएगी और कई विभागों की बहुप्रतीक्षित जंबो ट्रांसफर लिस्ट जारी होने की संभावना है। 


देश-दुनिया की हर बड़ी और ताजा खबर सबसे पहले पाने के लिए जुड़े रहिए PK TIMES के साथ। हमारी टीम हर पल आपको सटीक, तेज और विश्वसनीय जानकारी पहुंचाने के लिए तैयार है। राजनीति से लेकर जन सरोकार सहित हर महत्वपूर्ण अपडेट अब एक ही प्लेटफॉर्म पर। PK TIMES ऐप को प्ले स्टोर से डाउनलोड करें और कहीं भी,कभी भी खबरों से अपडेट रहें।