Gold Silver Price Today: सोने-चांदी में आई गिरावट, फेड के फैसले से पहले नरम पड़े भाव, जानें आज के लेटेस्ट रेट

Gold Silver Price Today 7 July 2026: MCX पर सोने और चांदी की कीमतों में गिरावट दर्ज की गई। अमेरिकी फेडरल रिजर्व के मिनट्स से पहले बाजार में नरमी देखने को मिली। जानिए आज के ताजा भाव और एक्सपर्ट की राय।

Gold Silver Price Today: सोने-चांदी में आई गिरावट, फेड के फैसले से पहले नरम पड़े भाव, जानें आज के लेटेस्ट रेट

सोने और चांदी में निवेश करने वालों के लिए मंगलवार, 7 जुलाई को राहत भरी खबर है। घरेलू वायदा बाजार में दोनों कीमती धातुओं की कीमतों में गिरावट दर्ज की गई है। बाजार में यह नरमी अमेरिकी फेडरल रिजर्व की जून बैठक के मिनट्स जारी होने से पहले देखने को मिल रही है। निवेशकों की नजर इस बात पर टिकी है कि फेड आने वाले महीनों में ब्याज दरों को लेकर क्या संकेत देता है, क्योंकि इसका सीधा असर वैश्विक बाजारों के साथ-साथ भारत में सोने-चांदी की कीमतों पर भी पड़ता है।

मंगलवार सुबह मल्टी कमोडिटी एक्सचेंज (MCX) पर अगस्त डिलीवरी वाला सोना 0.52 फीसदी की गिरावट के साथ 1,46,148 रुपये प्रति 10 ग्राम पर कारोबार करता दिखा। वहीं सितंबर डिलीवरी वाली चांदी 1.14 फीसदी फिसलकर 2,33,416 रुपये प्रति किलोग्राम पर ट्रेड करती नजर आई।

बाजार की नजर अब 8 जुलाई को जारी होने वाले अमेरिकी फेडरल रिजर्व की जून बैठक के मिनट्स पर है। माना जा रहा है कि फेड इस साल कम से कम एक बार ब्याज दरों में बढ़ोतरी कर सकता है, क्योंकि अमेरिका में महंगाई अब भी केंद्रीय बैंक के 2 फीसदी के लक्ष्य से ऊपर बनी हुई है। ऐसे में निवेशक फेड के अगले कदम को लेकर सतर्क हैं।

बाजार विश्लेषकों के अनुसार, एमसीएक्स पर सोने के लिए 1,46,100 रुपये और 1,45,500 रुपये का स्तर मजबूत सपोर्ट माना जा रहा है। वहीं ऊपर की ओर 1,47,400 रुपये और 1,48,200 रुपये रेजिस्टेंस लेवल रह सकते हैं। चांदी के लिए 2,33,300 रुपये और 2,30,000 रुपये का स्तर अहम सपोर्ट माना जा रहा है, जबकि 2,38,800 रुपये और 2,41,000 रुपये के आसपास रुकावट देखने को मिल सकती है।

बाजार विशेषज्ञों का मानना है कि फेड के मिनट्स जारी होने तक सोने और चांदी की कीमतों में उतार-चढ़ाव बना रह सकता है। ऐसे में निवेशकों को फिलहाल सावधानी के साथ बाजार की चाल पर नजर बनाए रखने की सलाह दी जा रही है।