अजमेर हाई सिक्योरिटी जेल हत्याकांड: जगन गुर्जर को मारने वाले विष्णु जाट ने कहा- झगड़े में मार दिया

अजमेर हाई सिक्योरिटी जेल में पूर्व डकैत जगन गुर्जर की हत्या मामले में पुलिस ने आरोपी विष्णु जाट को प्रोडक्शन वारंट पर गिरफ्तार किया। मीडिया के सवाल पर आरोपी ने कहा- झगड़े के कारण हत्या की। पुलिस रिमांड लेकर मामले की जांच आगे बढ़ाएगी।

अजमेर हाई सिक्योरिटी जेल हत्याकांड: जगन गुर्जर को मारने वाले विष्णु जाट ने कहा- झगड़े में मार दिया

अजमेर हाई सिक्योरिटी जेल हत्याकांड

राजस्थान की सबसे सुरक्षित मानी जाने वाली अजमेर हाई सिक्योरिटी जेल में 29 जून को हुए पूर्व डकैत जगन गुर्जर हत्याकांड में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए नामजद आरोपी विष्णु जाट को प्रोडक्शन वारंट के तहत गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तारी के बाद आरोपी को कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच सिविल लाइन थाना लाया गया, जहां उससे गहन पूछताछ की गई


मीडिया के सवाल पर आरोपी का चौंकाने वाला जवाब

थाने पहुंचने के दौरान मीडिया ने जब विष्णु जाट से पूछा कि उसने जगन गुर्जर की हत्या क्यों की, तो उसने बेझिझक जवाब दिया कि "झगड़ा होने के कारण उसे मौत के घाट उतार दिया।" आरोपी के इस बयान ने मौके पर मौजूद लोगों को चौंका दिया। हालांकि पुलिस फिलहाल मामले की हर पहलू से जांच कर रही है और किसी भी निष्कर्ष पर पहुंचने से बच रही है।


कड़ी सुरक्षा में थाने लाया गया आरोपी

पुलिस ने विष्णु जाट को लोहे की हथकड़ियों में जकड़कर और हथियारबंद पुलिसकर्मियों की निगरानी में बख्तरबंद वाहन से सिविल लाइन थाना पहुंचाया। सुरक्षा व्यवस्था इतनी सख्त थी कि पूरे परिसर में अतिरिक्त पुलिस बल तैनात रहा।


सोशल मीडिया की चर्चा से अलग निकला विष्णु जाट

सोशल मीडिया पर विष्णु जाट को अब तक कम उम्र का और दुबला-पतला युवक बताया जा रहा था, लेकिन जब वह पुलिस वाहन से उतरा तो वह पूरी तरह हट्टा-कट्टा और मजबूत कद-काठी का युवक नजर आया। इसके बाद उसे सीधे थाने के भीतर ले जाकर पूछताछ शुरू की गई।


इन सवालों के जवाब तलाश रही पुलिस

पुलिस वैज्ञानिक और कानूनी साक्ष्यों के आधार पर जांच को आगे बढ़ा रही है। पूछताछ के दौरान मुख्य रूप से इन बिंदुओं पर फोकस किया जा रहा है—

  • जेल के भीतर दोनों के बीच विवाद की असली वजह क्या थी ?
  • क्या हत्या के पीछे पुरानी रंजिश थी या अचानक हुआ झगड़ा ?
  • क्या इस वारदात में जेल के अंदर या बाहर का कोई अन्य व्यक्ति भी शामिल था ?
  • हत्या की साजिश पहले से रची गई थी या घटना अचानक हुई ?

रिमांड पर लेकर होगी आगे की पूछताछ

प्रारंभिक पूछताछ और कानूनी प्रक्रिया पूरी होने के बाद पुलिस आरोपी विष्णु जाट को कोर्ट में पेश करेगी। जांच एजेंसियां हत्या के कारणों और संभावित साजिश का खुलासा करने के लिए पुलिस रिमांड की मांग करेंगी। गौरतलब है कि 29 जून को हुई इस घटना के बाद जगन गुर्जर के परिजनों ने जवाहरलाल नेहरू अस्पताल की मोर्चरी के बाहर निष्पक्ष जांच की मांग को लेकर धरना भी दिया था। पुलिस का कहना है कि पूरे मामले की पारदर्शी तरीके से जांच की जा रही है और सभी तथ्यों को अदालत के सामने प्रस्तुत किया जाएगा।


देश-दुनिया की हर बड़ी और ताजा खबर सबसे पहले पाने के लिए जुड़े रहिए PK TIMES के साथ। हमारी टीम हर पल आपको सटीक, तेज और विश्वसनीय जानकारी पहुंचाने के लिए तैयार है। राजनीति से लेकर जन सरोकार सहित हर महत्वपूर्ण अपडेट अब एक ही प्लेटफॉर्म पर। PK TIMES ऐप को प्ले स्टोर से डाउनलोड करें और कहीं भी,कभी भी खबरों से अपडेट रहें।