TMC को बड़ा झटका: प्रदेश अध्यक्ष चंद्रिमा भट्टाचार्य ने सभी पदों से दिया इस्तीफा

पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी को बड़ा राजनीतिक झटका लगा है। तृणमूल कांग्रेस की प्रदेश अध्यक्ष चंद्रिमा भट्टाचार्य ने सभी संगठनात्मक पदों से इस्तीफा दे दिया है। हालांकि, उन्होंने अपने इस्तीफे की वजह का खुलासा नहीं किया है।

TMC को बड़ा झटका: प्रदेश अध्यक्ष चंद्रिमा भट्टाचार्य ने सभी पदों से दिया इस्तीफा

पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री और तृणमूल कांग्रेस (TMC) प्रमुख ममता बनर्जी को बड़ा राजनीतिक झटका लगा है। उनकी करीबी मानी जाने वाली और पार्टी की प्रदेश अध्यक्ष चंद्रिमा भट्टाचार्य ने सभी संगठनात्मक पदों से इस्तीफा दे दिया है। उन्होंने ममता बनर्जी को पत्र लिखकर प्रदेश अध्यक्ष पद के साथ-साथ पार्टी से जुड़े अन्य सभी दायित्वों से भी खुद को अलग करने की जानकारी दी।

अपने इस्तीफे में चंद्रिमा भट्टाचार्य ने लिखा कि वह 3 जून 2026 को कालीघाट में हुई बैठक के बाद उन्हें सौंपी गई ऑल इंडिया तृणमूल कांग्रेस के पश्चिम बंगाल प्रदेश अध्यक्ष की जिम्मेदारी छोड़ रही हैं। इसके साथ ही उन्होंने पार्टी में वर्तमान में संभाल रहे सभी अन्य पदों से भी त्यागपत्र देने की घोषणा की।

उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि वह ऑल इंडिया तृणमूल कांग्रेस और उससे जुड़े संगठनों के विभिन्न बैंक खातों की अधिकृत हस्ताक्षरकर्ता (ऑथराइज्ड सिग्नेटरी) की जिम्मेदारी भी छोड़ रही हैं। इसके अलावा, भारत निर्वाचन आयोग के समक्ष ममता बनर्जी की अधिकृत प्रतिनिधि (ऑथराइज्ड पर्सन) के रूप में अपनी सहमति भी वापस ले ली है।

हालांकि, चंद्रिमा भट्टाचार्य ने अपने इस्तीफे में किसी भी कारण का उल्लेख नहीं किया है। उनके अचानक सभी पदों से हटने के फैसले ने पश्चिम बंगाल की राजनीति में हलचल तेज कर दी है। इस मामले पर फिलहाल तृणमूल कांग्रेस की ओर से कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है।

राजनीतिक विश्लेषकों का मानना है कि ममता बनर्जी की सबसे भरोसेमंद नेताओं में शामिल चंद्रिमा भट्टाचार्य का इस्तीफा पार्टी के लिए बड़ा संगठनात्मक झटका साबित हो सकता है। अब सभी की नजर इस बात पर है कि उनके इस फैसले के पीछे की वजह क्या है और इसका राज्य की राजनीति पर क्या असर पड़ेगा।