PM मोदी ने 53,977 युवाओं को सौंपे सरकारी नौकरी के नियुक्ति पत्र, पचपदरा रिफाइनरी उद्घाटन समारोह में मिला रोजगार का तोहफा
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने राजस्थान के बालोतरा में पचपदरा रिफाइनरी के उद्घाटन के दौरान 53,977 युवाओं को सरकारी नौकरी के नियुक्ति पत्र वितरित किए। जानें कार्यक्रम की बड़ी बातें।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी शनिवार को राजस्थान दौरे पर हैं। बालोतरा स्थित पचपदरा रिफाइनरी के उद्घाटन समारोह के दौरान उन्होंने प्रदेश के 53,977 युवाओं को सरकारी नौकरी के नियुक्ति पत्र वितरित किए। इसके साथ ही राज्य के हजारों युवाओं को रोजगार का बड़ा तोहफा मिला।
नियुक्ति पत्र वितरण समारोह में प्रदेशभर से चयनित अभ्यर्थी और उनके परिजन शामिल हुए। कार्यक्रम को लेकर युवाओं में खासा उत्साह देखने को मिला। भरतपुर से पहुंचे एक युवक ने बताया कि उसकी बहन को लेक्चरर पद के लिए नियुक्ति पत्र मिला है, जिससे पूरा परिवार बेहद खुश है। वहीं श्रीगंगानगर से आए एक अन्य युवक ने कहा कि उसके मित्र को सरकारी नौकरी मिली है और यह उनके लिए गर्व का क्षण है।

इससे पहले प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने जोधपुर एयरपोर्ट के नए टर्मिनल भवन का लोकार्पण किया और संशोधित उड़ान (UDAN) योजना की शुरुआत की। जोधपुर पहुंचने पर मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा, राज्यपाल हरिभाऊ बागड़े, केंद्रीय मंत्री गजेंद्र सिंह शेखावत और वायुसेना के अधिकारियों ने उनका स्वागत किया।
प्रधानमंत्री अब बालोतरा में देश की पहली ग्रीनफील्ड पचपदरा रिफाइनरी का उद्घाटन करेंगे। इसके अलावा वे जयपुर मेट्रो फेज-2 परियोजना का शिलान्यास भी करेंगे। उल्लेखनीय है कि रिफाइनरी का उद्घाटन पहले 21 अप्रैल को होना था, लेकिन उद्घाटन से एक दिन पहले आग लगने की घटना के कारण कार्यक्रम स्थगित कर दिया गया था। अब सभी तैयारियों के बाद प्रधानमंत्री इसके लोकार्पण के लिए पहुंचे हैं।

