IRCTC का शानदार टूर पैकेज: 23,560 रुपये में करें तिरुपति, रामेश्वरम, कन्याकुमारी और मल्लिकार्जुन ज्योतिर्लिंग के दर्शन
आईआरसीटीसी ने 31 जुलाई 2026 से 11 अगस्त 2026 तक भारत गौरव ट्रेन से दक्षिण भारत यात्रा पैकेज लॉन्च किया है। तिरुपति बालाजी, रामेश्वरम, मदुरै, कन्याकुमारी और श्रीशैलम के दर्शन कराए जाएंगे। जानिए किराया, रूट और पैकेज की पूरी जानकारी।
अगर आप दक्षिण भारत के प्रमुख धार्मिक स्थलों की यात्रा का प्लान बना रहे हैं, तो इंडियन रेलवे कैटरिंग एंड टूरिज्म कॉरपोरेशन (IRCTC) आपके लिए शानदार मौका लेकर आया है। आईआरसीटीसी ने 'दक्षिण भारत यात्रा' के नाम से भारत गौरव टूरिस्ट ट्रेन का विशेष पैकेज लॉन्च किया है। यह यात्रा 31 जुलाई 2026 से 11 अगस्त 2026 तक चलेगी। 11 रात और 12 दिन की इस यात्रा में श्रद्धालुओं को तिरुपति बालाजी, रामेश्वरम, मदुरै, कन्याकुमारी और श्रीशैलम स्थित मल्लिकार्जुन ज्योतिर्लिंग के दर्शन कराए जाएंगे। इस पैकेज की शुरुआती कीमत 23,560 रुपये प्रति व्यक्ति रखी गई है।
गोरखपुर से रवाना होगी भारत गौरव ट्रेन
यह विशेष ट्रेन गोरखपुर से रवाना होगी। रास्ते में मनकापुर, अयोध्या कैंट, सुल्तानपुर, प्रतापगढ़, प्रयागराज संगम, रायबरेली, लखनऊ, कानपुर सेंट्रल, उरई, वीरांगना लक्ष्मीबाई (झांसी) और ललितपुर सहित कई स्टेशनों से यात्री इसमें सवार हो सकेंगे।
सबसे पहले होंगे तिरुपति बालाजी के दर्शन
यात्रा का पहला पड़ाव रेनिगुंटा होगा, जहां से यात्रियों को सड़क मार्ग से तिरुपति ले जाया जाएगा। यहां दो रात ठहरने की व्यवस्था रहेगी। श्रद्धालु तिरुपति बालाजी मंदिर, श्री कालहस्ती मंदिर और पद्मावती मंदिर के दर्शन कर सकेंगे। हालांकि तिरुमला मंदिर के विशेष दर्शन की व्यवस्था यात्रियों को स्वयं करनी होगी।
रामेश्वरम, मदुरै और कन्याकुमारी भी शामिल
इसके बाद यात्रा रामेश्वरम पहुंचेगी, जहां श्रद्धालुओं को प्रसिद्ध रामनाथस्वामी मंदिर के दर्शन कराए जाएंगे। इसके बाद मदुरै में मीनाक्षी अम्मन मंदिर और फिर कन्याकुमारी में विवेकानंद रॉक मेमोरियल सहित प्रमुख पर्यटन स्थलों का भ्रमण कराया जाएगा।
यात्रा के अंतिम चरण में ट्रेन मार्कापुर रोड पहुंचेगी, जहां से बस के जरिए श्रद्धालुओं को श्रीशैलम ले जाया जाएगा। यहां देश के 12 ज्योतिर्लिंगों में शामिल भगवान मल्लिकार्जुन के दर्शन कराए जाएंगे। दर्शन के बाद वापसी यात्रा शुरू होगी और 11 अगस्त को ट्रेन गोरखपुर पहुंचेगी।
पैकेज में क्या-क्या मिलेगा?
आईआरसीटीसी के इस पैकेज में भारत गौरव ट्रेन से यात्रा, श्रेणी के अनुसार होटल में ठहरने की सुविधा, वॉश एंड चेंज, सुबह की चाय, नाश्ता, दोपहर और रात का शाकाहारी भोजन, स्थानीय परिवहन, ट्रैवल इंश्योरेंस, टूर एस्कॉर्ट और पूरे सफर के दौरान आईआरसीटीसी टूर मैनेजर की सेवाएं शामिल हैं। सभी लागू टैक्स भी पैकेज में शामिल रहेंगे।
कितना होगा किराया?
स्लीपर (इकोनॉमी): ₹23,560 प्रति व्यक्ति
3AC (स्टैंडर्ड): ₹39,100 प्रति व्यक्ति
2AC (कंफर्ट): ₹51,760 प्रति व्यक्ति
बच्चों के लिए अलग किराया निर्धारित किया गया है। वहीं, यदि कोई यात्री सिंगल बुकिंग कराता है, तो उसे डबल या ट्रिपल शेयरिंग के आधार पर दूसरे यात्री के साथ कमरा साझा करना होगा।
धार्मिक पर्यटन के शौकीनों के लिए यह पैकेज दक्षिण भारत के प्रमुख तीर्थस्थलों की यात्रा एक ही सफर में कराने का बेहतरीन अवसर माना जा रहा है।

