IRCTC New Website: ट्रेन टिकट बुकिंग होगी और आसान, जल्द लॉन्च होगा नई IRCTC वेबसाइट का बीटा वर्जन, मिलेंगी कई स्मार्ट सुविधाएं

IRCTC New Website: भारतीय रेलवे जल्द नई IRCTC वेबसाइट का बीटा वर्जन लॉन्च करेगा। जानें नए फीचर्स, तेज टिकट बुकिंग, अपग्रेडेड PRS सिस्टम और तत्काल टिकट से जुड़े बड़े बदलाव।

IRCTC New Website: ट्रेन टिकट बुकिंग होगी और आसान, जल्द लॉन्च होगा नई IRCTC वेबसाइट का बीटा वर्जन, मिलेंगी कई स्मार्ट सुविधाएं
IRCTC

IRCTC New Website: भारतीय रेलवे यात्रियों के टिकट बुकिंग अनुभव को पहले से ज्यादा आसान, तेज और सुविधाजनक बनाने की तैयारी में है। इसी दिशा में रेलवे जल्द ही नई आईआरसीटीसी (IRCTC) वेबसाइट का बीटा वर्जन लॉन्च करने जा रहा है। लॉन्च से पहले इस नए प्लेटफॉर्म का डेमो जयपुर के मालवीय राष्ट्रीय प्रौद्योगिकी संस्थान (MNIT) के छात्रों को दिखाया गया, जहां उनसे वेबसाइट के डिजाइन, स्पीड और उपयोगिता को लेकर सुझाव भी लिए गए।

रेलवे अधिकारियों के अनुसार, छात्रों की प्रतिक्रिया के आधार पर वेबसाइट में कई महत्वपूर्ण बदलाव किए गए हैं, ताकि टिकट बुकिंग के दौरान यात्रियों को बेहतर और सरल अनुभव मिल सके।

नए पैसेंजर रिजर्वेशन सिस्टम से जुड़ेगी वेबसाइट

नई IRCTC वेबसाइट को भारतीय रेलवे के अपग्रेड किए जा रहे पैसेंजर रिजर्वेशन सिस्टम (PRS) से जोड़ा जा रहा है। रेलवे इस पुराने सिस्टम को आधुनिक तकनीक के अनुरूप तैयार कर रहा है, जिससे टिकट बुकिंग पहले की तुलना में ज्यादा तेज और स्थिर हो सकेगी। नई वेबसाइट और नया रिजर्वेशन सिस्टम दोनों अगले कुछ महीनों में आम यात्रियों के लिए उपलब्ध कराए जाने की योजना है।

छात्रों के सुझावों पर किए गए बड़े बदलाव

रेलवे ने बताया कि एमएनआईटी जयपुर के छात्रों ने पहले IRCTC वेबसाइट की कई कमियों की ओर ध्यान दिलाया था। इसी वजह से नई वेबसाइट का बीटा वर्जन सबसे पहले उन्हीं छात्रों को दिखाया गया और उनके सुझावों के आधार पर अंतिम सुधार किए गए।

नई IRCTC वेबसाइट में मिलेंगी ये खास सुविधाएं

नई वेबसाइट में यात्रियों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए कई बड़े बदलाव किए गए हैं।

टिकट बुकिंग के दौरान बार-बार आने वाले अनावश्यक कैप्चा, पॉप-अप और फ्लैशिंग ग्राफिक्स को हटाया गया है।

सभी क्लास में सीटों की उपलब्धता एक ही स्क्रीन पर दिखाई देगी, जिससे अलग-अलग विकल्प देखने में समय नहीं लगेगा।

टिकट बुकिंग की प्रक्रिया को छोटा किया गया है, जिससे कम स्टेप्स में टिकट बुक किया जा सकेगा।

यात्रियों की प्रोफाइल और जानकारी सुरक्षित रहने से दोबारा टिकट बुक करना पहले से कहीं ज्यादा आसान होगा।

40 साल पुराने सिस्टम को मिल रहा है नया रूप

भारतीय रेलवे ने बताया कि लगभग चार दशक पुराने पैसेंजर रिजर्वेशन सिस्टम को आधुनिक तकनीक से अपग्रेड किया जा रहा है। खास बात यह है कि इस पूरी प्रक्रिया के दौरान टिकट बुकिंग सेवा लगातार जारी रखी गई, ताकि यात्रियों को किसी प्रकार की परेशानी न हो।

RailOne ऐप ने पार किया बड़ा आंकड़ा

रेलवे ने जानकारी दी कि RailOne ऐप के डाउनलोड 4 करोड़ से अधिक हो चुके हैं। यह देश का सबसे बड़ा रेलवे टिकट बुकिंग प्लेटफॉर्म बन चुका है, जहां यात्रियों को टिकट बुकिंग के अलावा रेलवे की कई अन्य सेवाएं भी एक ही ऐप पर उपलब्ध कराई जा रही हैं।

तत्काल टिकट में बॉट्स पर भी रेलवे की नजर

रेलवे ने तत्काल टिकट बुकिंग में बॉट्स और ऑटोमेटेड सॉफ्टवेयर के दुरुपयोग को रोकने के लिए भी कई तकनीकी बदलाव किए हैं। अधिकारियों के अनुसार, इन उपायों से स्थिति में सुधार हुआ है, लेकिन इसे पूरी तरह रोकने के लिए लगातार नई तकनीकों पर काम किया जा रहा है। रेलवे का लक्ष्य है कि वास्तविक यात्रियों को तत्काल टिकट बुकिंग में अधिक पारदर्शिता और समान अवसर मिल सके।