अयोध्या को बदनाम करने की कोशिश बर्दाश्त नहीं, सबूत हैं तो SIT को दें: CM योगी
राम मंदिर के चंदे पर सियासत जारी है, एक तरफ घोटाले के आरोप लगे रहें हैं तो दूसरी तरफ विरोधियों को सीएम योगी ने जवाब दिया है।
उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने अयोध्या जनपद के रुदौली विधानसभा क्षेत्र में आयोजित एक भव्य कार्यक्रम में ₹378 करोड़ से अधिक की 126 विकास परियोजनाओं का लोकार्पण एवं शिलान्यास किया। इस दौरान उन्होंने राजकीय आयुर्वेदिक महाविद्यालय एवं चिकित्सालय का उद्घाटन किया तथा वीरांगना झलकारी बाई की प्रतिमा का अनावरण भी किया। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री ने अयोध्या में राम मंदिर से जुड़े कथित चंदा चोरी के आरोपों पर स्पष्ट और कड़ा रुख अपनाया। उन्होंने कहा कि भगवान श्रीराम के भव्य मंदिर निर्माण के लिए 500 वर्षों तक संघर्ष चला है, इसलिए किसी को भी अयोध्या की छवि को धूमिल करने का अधिकार नहीं है। मुख्यमंत्री ने कहा कि यदि किसी व्यक्ति के पास किसी भी प्रकार का ठोस सबूत है तो वह उसे विशेष जांच दल (SIT) को सौंपे। सरकार निष्पक्ष जांच कराएगी और दोषी पाए जाने पर किसी को भी बख्शा नहीं जाएगा।
"बयानबाजी से अयोध्या का अपमान न करें"
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि मामले की जांच जारी है और जांच पूरी होने से पहले किसी भी प्रकार की राजनीतिक बयानबाजी या चरित्र हनन का प्रयास नहीं होना चाहिए। उन्होंने कहा कि अयोध्या करोड़ों श्रद्धालुओं की आस्था का केंद्र है और इसे विवादों में घसीटना उचित नहीं है।

उन्होंने कहा- “अगर किसी के पास कोई प्रमाण है तो वह SIT को दे। जांच में सब कुछ साफ हो जाएगा। लेकिन बिना तथ्यों के बयान देकर अयोध्या को बदनाम करने की कोशिश न की जाए। जनता को भी ऐसे लोगों से सावधान रहना चाहिए जो केवल भ्रम फैलाने का काम करते हैं।”

विपक्ष पर साधा निशाना
मुख्यमंत्री ने विपक्षी दलों पर भी तीखा हमला बोला। उन्होंने कहा कि कुछ लोग केवल राजनीतिक लाभ के लिए झूठे आरोप लगाकर माहौल खराब करना चाहते हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि जिन लोगों का इतिहास रामभक्तों पर गोली चलवाने, ‘जय श्रीराम’ के उद्घोष पर लाठियां बरसाने और अदालतों में भगवान राम के विरुद्ध पक्ष रखने का रहा है, वही लोग आज रामनगरी की छवि खराब करने में लगे हुए हैं।
उन्होंने कहा कि ऐसे लोगों का चरित्र और उनका राजनीतिक आचरण जनता के सामने है। उत्तर प्रदेश की जनता अब सच्चाई को समझती है और विकास तथा आस्था के खिलाफ किसी भी साजिश को सफल नहीं होने देगी।
“विकास ही सरकार की प्राथमिकता”
मुख्यमंत्री योगी ने अपने संबोधन में कहा कि प्रदेश के सर्वांगीण विकास के लिए सभी को अपनी जिम्मेदारियों का निर्वहन करना होगा। उन्होंने कहा कि सरकार विकास, सुशासन और जनकल्याण के संकल्प के साथ आगे बढ़ रही है। अयोध्या सहित पूरे प्रदेश में आधारभूत सुविधाओं, स्वास्थ्य, शिक्षा और रोजगार के क्षेत्र में अभूतपूर्व कार्य किए जा रहे हैं। विश्वास जताया कि SIT की जांच पूरी होने के बाद “दूध का दूध और पानी का पानी” हो जाएगा तथा दोषी पाए जाने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
देश-दुनिया की हर बड़ी और ताजा खबर सबसे पहले पाने के लिए जुड़े रहिए PK TIMES के साथ। हमारी टीम हर पल आपको सटीक, तेज और विश्वसनीय जानकारी पहुंचाने के लिए तैयार है। राजनीति से लेकर जन सरोकार सहित हर महत्वपूर्ण अपडेट अब एक ही प्लेटफॉर्म पर। PK TIMES ऐप को प्ले स्टोर से डाउनलोड करें और कहीं भी,कभी भी खबरों से अपडेट रहें।

