राजस्थान कनेक्शन से बेंगलुरु में हड़कंप, प्रेम विवाह के बाद युवती का अपहरण

बेंगलुरु में राजस्थान की 21 वर्षीय युवती पूजा के कथित अपहरण के बाद सड़क पर हंगामा हो गया। पीछा किए जाने के दौरान कार ने कई दोपहिया वाहनों और राहगीरों को टक्कर मार दी, जिसमें छह लोग घायल हुए। पुलिस ने तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है।

राजस्थान कनेक्शन से बेंगलुरु में हड़कंप, प्रेम विवाह के बाद युवती का अपहरण

राजस्थान से बेंगलुरु तक पहुंचा प्रेम विवाह का विवाद, 21 वर्षीय युवती के अपहरण के बाद सड़क पर मचा हंगामा

बेंगलुरु के अग्रहारा दासराहल्ली इलाके में राजस्थान कनेक्शन वाले अपहरण के एक मामले ने सनसनी फैला दी। राजस्थान के मेलवास गांव की रहने वाली 21 वर्षीय पूजा ने करीब 8-9 महीने पहले परिवार की मर्जी के खिलाफ 23 वर्षीय ओम प्रकाश से प्रेम विवाह किया था। शादी के बाद दोनों बेंगलुरु में रह रहे थे।

आरोप है कि पूजा के पिता गुना रामू इस शादी से नाराज थे और बेटी को वापस राजस्थान ले जाने के लिए चार लोगों को बेंगलुरु भेजा। बुधवार, 16 सितंबर की शाम ये लोग पूजा के घर पहुंचे और कथित तौर पर उसे जबरन बाहर निकालकर हुंडई वेन्यू कार में बैठा लिया।

पूजा की चीखें सुनकर शुरू हुआ कार का पीछा

पूजा को जबरन ले जाते देखकर स्थानीय लोग सक्रिय हो गए। लोगों ने अपनी गाड़ियों से कार का पीछा करना शुरू कर दिया। इसके बाद किडनैपर्स ने भीड़ से बचने के लिए तेज रफ्तार में कार दौड़ा दी।

विजयनगर और होसाहल्ली इलाके के पास कार ने कई दोपहिया वाहनों और पैदल चल रहे लोगों को टक्कर मार दी। हादसे में छह लोग घायल हो गए। इनमें 57 वर्षीय जयलक्ष्मी के सिर में गंभीर चोट आई, जिसके बाद उन्हें ICU में भर्ती कराया गया।

होसाहल्ली में भीड़ ने कार घेरकर युवती को बचाया

कार आखिरकार होसाहल्ली के पास भीड़ के बीच फंस गई। स्थानीय लोगों ने वाहन को चारों तरफ से घेर लिया और पथराव कर उसे रुकवा दिया। इसके बाद पूजा को कार से बाहर निकालकर सुरक्षित किया गया और पुलिस के हवाले कर दिया गया।

राजस्थान के तीन आरोपी गिरफ्तार, मुख्य आरोपी फरार

विजयनगर थाना पुलिस ने मामले में तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। इनकी पहचान राजस्थान निवासी 31 वर्षीय राकेश, 25 वर्षीय करण और 18 वर्षीय अयान के रूप में हुई है। पुलिस के मुताबिक, ये सभी अपहरण की वारदात में शामिल थे।

वहीं, कार चला रहा मुख्य आरोपी सद्दाम मौके से फरार हो गया। पुलिस उसकी तलाश में दबिश दे रही है। वारदात में इस्तेमाल हुंडई वेन्यू कार को भी जब्त कर लिया गया है।

फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है। इस घटना में राजस्थान के मेलवास गांव से जुड़ा पारिवारिक विवाद, बेंगलुरु में हुआ कथित अपहरण और उसके बाद हुई सड़क दुर्घटना—तीनों पहलू जांच के केंद्र में हैं।