अमेरिका-ईरान के बीच हुई बड़ी डील? ट्रंप के ऐलान ने सबको चौंकाया
डोनाल्ड ट्रंप ने दावा किया है कि अमेरिका और ईरान के बीच शांति समझौता अंतिम चरण में पहुंच गया है। होर्मुज जलडमरूमध्य खोलने और 19 जून को संभावित हस्ताक्षर की चर्चा से वैश्विक राजनीति में हलचल बढ़ गई है।
अमेरिका और ईरान के बीच लंबे समय से जारी तनाव को लेकर एक बड़ा दावा सामने आया है। अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने घोषणा की है कि दोनों देशों के बीच शांति समझौता अंतिम चरण में पहुंच चुका है। इस ऐलान के बाद अंतरराष्ट्रीय राजनीति और वैश्विक ऊर्जा बाजार में हलचल तेज हो गई है।
ट्रंप ने अपने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर पोस्ट करते हुए कहा कि अमेरिका और ईरान के बीच समझौता पूरा हो चुका है। उन्होंने इस प्रक्रिया में शामिल सभी पक्षों को बधाई देते हुए संकेत दिया कि क्षेत्र में स्थिरता बहाल करने की दिशा में यह एक महत्वपूर्ण कदम साबित हो सकता है।

सबसे अहम बात यह रही कि ट्रंप ने रणनीतिक रूप से बेहद महत्वपूर्ण होर्मुज जलडमरूमध्य (Hormuz Strait) को फिर से पूरी तरह खोलने की बात कही। उनके अनुसार, अमेरिकी नौसैनिक नाकाबंदी को तत्काल प्रभाव से हटाने की अनुमति दी गई है, जिससे वैश्विक तेल आपूर्ति सामान्य होने का रास्ता साफ हो सकता है। होर्मुज दुनिया के सबसे व्यस्त तेल परिवहन मार्गों में से एक माना जाता है और यहां किसी भी तरह का तनाव सीधे वैश्विक अर्थव्यवस्था को प्रभावित करता है।
इस बीच पाकिस्तान के प्रधानमंत्री शहबाज शरीफ ने भी सोशल मीडिया पर इस संभावित समझौते का जिक्र किया। उन्होंने दावा किया कि कई दौर की बातचीत के बाद अमेरिका और ईरान के बीच सहमति बनी है। शहबाज के अनुसार, इस समझौते में लेबनान से जुड़े मुद्दे भी शामिल हैं और विभिन्न मोर्चों पर सैन्य गतिविधियां समाप्त करने पर सहमति बनी है।

पाकिस्तानी प्रधानमंत्री ने यह भी कहा कि प्रस्तावित समझौते पर 19 जून को स्विट्जरलैंड में औपचारिक हस्ताक्षर हो सकते हैं। हालांकि, इस संबंध में अभी तक अमेरिका या ईरान की ओर से विस्तृत आधिकारिक जानकारी सामने नहीं आई है।
यदि यह समझौता वास्तव में अंतिम रूप लेता है, तो इसे मध्य-पूर्व की राजनीति में एक बड़े बदलाव के रूप में देखा जाएगा। साथ ही वैश्विक तेल बाजार, समुद्री व्यापार और क्षेत्रीय सुरक्षा समीकरणों पर भी इसका व्यापक असर पड़ सकता है।
Saloni Kushwaha 
